गांव धारसूल के समीप हुए हादसे में क्षतिग्रस्त कार।
- फोटो : Fatehabad
कुलां। कुलां-जाखल रोड़ पर गांव धारसूल के समीप एक तेज रफ्तार कार चालक ने स्कूल जा रहे छात्रों की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार नौवीं कक्षा के एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल को उपचार के लिए एंबुलेंस से हिसार भेजा, वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में भेज दिया। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके पर कार छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक गांव जापते वाला (खेड़ा) निवासी 16 वर्षीय गुरदीप सिंह और धारसूल गांव का रहने वाला 16 वर्षीय नवीन कुमार गांव धारसूल में जाखल रोड़ पर स्थित कोहिनूर इंटरनेशनल स्कूल में नौवीं कक्षा के छात्र हैं। वीरवार सुबह दोनों छात्र मोटरसाइकिल पर सवार होकर स्कूल जा रहे थे। कुलां-जाखल मार्ग पर स्कूल के पास पहुंचने पर सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में मोटरसाइकिल सवार छात्र उछल कर काफी दूरी पर जा गिरे। हादसे के बाद आसपास के लोग घटनास्थल पर एकत्रित हुए। सूचना के बाद जब तक एंबुलेंस पहुंची, उससे पहले ही छात्र गुरदीप सिंह की मौत हो चुकी थी। वहीं दूसरे छात्र नवीन की हालत भी नाजुक बताई जा रही है। जिसे इलाज के लिए हिसार अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की खबर सुन छात्रों के परिजन रोते-बिलखते हुए घटना स्थल पर पहुंच गए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने गुरदीप के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया और दोनों वाहन अपने कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
कोट
मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिवार को सौंप दिया है। दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। इस मामले में मृतक युवक के परिजनों के बयान पर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
-कप्तान सिंह, जांच अधिकारी, कुलां चौकी।
मृतक गुरदीप सिंह।- फोटो : Fatehabad