अमेरिका में कबड्डी के स्टार खिलाड़ियों के साथ गांव समैन की बेटी रामभतेरी गिल।
- फोटो : Fatehabad
हरियाणा के फतेहाबाद के गांव समैन की बेटी रामभतेरी गिल अब अमेरिका के लिए कबड्डी खेलेंगी। कबड्डी की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रामभतेरी गिल हरियाणा कबड्डी टीम की पूर्व कप्तान भी रह चुकी हैं। अमेरिका में रामभतेरी विभिन्न खेल क्लबों के साथ जुड़ गई हैं।
अब भविष्य में वह अमेरिका की टीमों में खेलने के लिए प्रयास करेंगी। गौरतलब है कि मई की शुरुआत में ही रामभतेरी अमेरिका रवाना हो गई थीं। वह लगातार हरियाणा सरकार से खेल के दम पर सरकारी नौकरी देने की मांग कर रही थीं। इसको लेकर उच्च न्यायालय में केस भी विचाराधीन है।
अमेरिका की महिला कबड्डी टीम का हिस्सा बनने की भी करेंगी कोशिश
कबड्डी की अंतरराष्ट्रीय स्टार खिलाड़ी रामभतेरी गिल को अमेरिका में मूलरूप से समैन के ही निवासी पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दलबीर चौधरी का सानिध्य मिला है। वह उन्हीं के मार्गदर्शन में विभिन्न खेल क्लबों से जुड़कर अमेरिका में खेलने लगी हैं। पिछले सप्ताह फ्रिजनो शहर में हुए कबड्डी टूर्नामेंट में भी रामभतेरी ने रेफरी के तौर पर अपनी सेवाएं दी हैं। रामभतेरी भविष्य में अमेरिका की महिला कबड्डी टीम का हिस्सा बनकर खेलने का प्रयास करेंगी, ताकि उनकी प्रतिभा को और बल मिल सके।
खिलाड़ियों को सिखाएंगी कबड्डी के गुर
रामभतेरी गिल कबड्डी खेलने के साथ-साथ महिला खिलाड़ियों को कबड्डी के गुर सिखाती हुई भी नजर आएंगी। फिलहाल रामभतेरी स्वयं कबड्डी का अभ्यास कर रही हैं। गौरतलब है कि रामभतेरी का परिवार बेहद साधारण हैं। पिता खेती करते हैं। परिवार में माता-पिता के अलावा रामभतेरी के दो भाई व दो बहनें हैं।
यह रहा है रामभतेरी का कबड्डी में प्रदर्शन
रामभतेरी ने फिजिकल एजुकेशन में बीपीएड, एमपीएड व खेल कोच के लिए जरूरी डिप्लोमा एनआईएस किया हुआ है। रामभतेरी ने कबड्डी में अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए साल 2013, 2014 व 2016 में पंजाब में हुए कबड्डी के विश्वकप में भारत की महिला टीम का हिस्सा बनकर विजय दिलाई। तीनों बार ही रामभतेरी को बेस्ट रेडर का अवार्ड मिला। इसके अलावा रामभतेरी ने कबड्डी की कई नेशनल चैंपियनशिप में हिस्सा लेते हुए अपनी टीम को विजय दिलाई व गोल्ड मेडल जीते हैं। बॉक्सिंग में भी रामभतेरी ने राज्य स्तरीय खेलों में गोल्ड मेडल जीता है।
रामभतेरी अमेरिका के खेल क्लबों से जुड़ गई है। वह स्टार खिलाड़ी हैं। प्रयास रहेगा कि रामभतेरी भविष्य में अमेरिका की बड़ी टीमों से जुड़कर खेले। - दलबीर चौधरी, पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी, अमेरिका