फतेहाबाद। शहर के पपीहा पार्क को अब एचएचवीपी नहीं संभालेगा। पार्क की देखरेख अब नगर परिषद करेगी। बुधवार को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने पपीहा पार्क को नगर परिषद के अधिकारियों को सुपुर्द कर दिया। नगर परिषद के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पार्क को अपने अधिकार क्षेत्र में लेने की कागजी कार्रवाई पूरी की।
पपीहा पार्क में लगे ओपन जिम, झूले, फव्वारा को भी एचएसवीपी ने नप अधिकारियों को सौंप दिया। मॉडल टाउन क्षेत्र करीब तीन साल पहले एचएसवीपी से नप के पास आ गया था, लेकिन रिकॉर्ड आने में करीब दो साल लग गए। एचएसवीपी ने पपीहा पार्क को नप को सुपुर्द नहीं किया था। इसके चलते नगर परिषद पपीहा पार्क में मरम्मत कार्य नहीं करवा पा रहा था। उपायुक्त प्रदीप कुमार ने करीब 15 दिन पहले पार्क का निरीक्षण किया था। इस दौरान एचएसवीपी अधिकारियों को पपीहा पार्क को नप को सौंपने के आदेश दिए थे। इसके बाद अब प्रक्रिया पूरी की गई है।
नप करवाएगा ओपन जिम और झूलों की मरम्मत
पपीहा पार्क में ओपन जिम और झूले लगे हुए हैं, इसके अलावा फव्वारा भी लगा हुआ है। मरम्मत के अभाव पार्क में ओपन जिम और झूले टूट चुके हैं। इसके अलावा फव्वारा की भी हालत खराब है। नगर परिषद अब इनकी मरम्मत को लेकर अस्टीमेट तैयार करेगा और ठीक करवाएगा। इसके अलावा पार्क की सफाई और शौचालयों की देखरेख भी नप ही करेगा।
सोसायटी को पार्क गोद दे सकती है नप
शहर के अधिकतर पार्कों को नगर परिषद ने सोसायटी को गोद दे रखा है। सोसायटी ही पार्कों की देखभाल करती है। इसके लिए नप सोसायटी को राशि का भुगतान करता है। नगर परिषद पपीहा पार्क को भी सोसायटी को गोद दे सकता है। अगर सोसायटी पार्क को गोद लेती है तो वो ही देखभाल करेगी।
कोट
शहर के पपीहा पार्क को एचएसवीपी ने नगर परिषद के हैंडओवर कर दिया है। पार्क जो ओपन जिम और झूले टूटे हुए है, उनकी जल्द मरम्मत करवाई जाएगी। पार्क में जो भी कमियां है उसे ठीक करवा दिया जाएगा।
-अमित कौशिक, कार्यकारी अभियंता, नगर परिषद