जनस्वास्थ्य विभाग के बेलदार विनोद पर हमला करने के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपियों को शामिल जांच किया है। इस मामले में शहर पुलिस ने नामजद आरोपी एसडीओ आशीष गर्ग, जेई रमेश कुमार, अश्वनी कुमार, गिरीश तथा ठेकेदार रायसिंह को शामिल जांच करके पूछताछ की। पूछताछ के दौरान क्या सामने आया है, पुलिस ने इसका खुलासा नहीं किया है।
हालांकि अभी तक हमला करने वाले हमलावरों का कोई सुराग नहीं लगा है। वहीं इस मामले में कर्मचारी नेताओं ने सोमवार तक का पुलिस प्रशासन को अल्टीमेटम दे रखा है। अगर आरोपी गिरफ्तार नहीं होते हैं तो शहर के साथ-साथ गांवों में भी पानी की सप्लाई बंद कर देंगे। मामले के मुताबिक 20 अगस्त को बेलदार विनोद ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि वह घर से अपने कार्यालय जा रहा था। इस दौरान रतिया रोड पर चार अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। हमले में वह बुरी तरह से घायल हो गया। उस पर हमला जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ आशीष, जेई गिरीश, रमेश, अश्वनी तथा रायसिंह ठेकेदार ने करवाया है। उसने आरटीआई लगाकर गड़बड़ झाला उजागर किया था। इसी रंजिश में हमला करवाया गया।
कोट
मामले में नामजद आरोपियों को शामिल जांच किया गया है। जांच में पूछताछ की गई है। फिलहाल मामले की जांच चल रही है।
- रविंद्र कुमार, प्रभारी, गुरुनानकपुरा चौकी।