भूना। उप तहसील कार्यालय के नजदीक मिलन भोजनालय के कारिंदे पर वीरवार रात एक नशेड़ी ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में कारिंदे संजय कुमार को गंभीर चोट लगी है। उसे सीएचसी भूना में दाखिल करवाया गया। मगर हालत गंभीर होने के कारण अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
भोजनालय संचालक पवन चनाना ने बताया कि वीरवार शाम करीब 7 बजे एक व्यक्ति भोजनालय में आकर खाना खाकर बिना पैसे दिए ही लौटने लगा। जब उन्होंने पैसे मांगे तो वह आग बबूला हो गया और उन्हें कहा कि वह गैंग से जुड़ा हुआ है। अगर उससे पैसे मांगे तो जान से हाथ धो बैठोगे। जब कारिंदा संजय कुमार नजदीक जाकर उसका नाम पूछने लगा तो नशेड़ी ने लठ उठाकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया। संजय कुमार के चेहरे पर गंभीर चोट लगने के कारण वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसी दौरान हमलावर मौके से भाग गया। भोजनालय के संचालक व आसपास के लोगों ने घायल संजय को सीएचसी केंद्र भूना में दाखिल कराया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
फ्री में रोटी खिलाओ नहीं तो ढाबा बंद कर जाएं
मिलन भोजनालय के संचालक पवन चनाना ने बताया कि उपरोक्त व्यक्ति पिछले कई दिन से उन्हें धमकियां दे रहा था कि फ्री में हमें रोटी खिलाएं नहीं तो अपना ढाबा बंद करके यहां से चले जाएं। आरोपी के हालात नशेड़ी जैसे थे। पुलिस को लिखित में शिकायत दे दी गई है।
डेढ़ महीने पहले बीड़ी का बंडल नहीं देने पर कर दिया था मर्डर
गौरतलब है कि भूना के ही चंदन नगर में 11 दिसंबर की रात को बीड़ी का बंडल देने के लिए दुकान नहीं खोलने पर 40 बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया था। प्रजापति परिवार के घरों पर ईंट व पत्थर बरसाए और तोड़फोड़ की। उस हमले में दो महिला समेत आठ लोगों को चोटें आई थी। दुकानदार के बेटे व भाई पर चाकू से वार किए गए थे। बाद में दुकानदार के बेटे ने दम तोड़ दिया था।
कोट
मैं पालसर निवासी जयपाल के मर्डर मामले में राजस्थान गया हुआ हूं। भोजनालय पर कारिंदे के साथ मारपीट की सूचना मिली है। कारिंदे के बयान लेकर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करके तुरंत गिरफ्तार किया जाएगा।
-अनूप सिंह, प्रभारी, भूना थाना