फतेेहाबाद/टोहाना/भट्टूकलां। लंबे इंतजार के बाद जिले में मानसून का प्रवेश हो गया है। जिले के उपमंडल टोहाना व खंड जाखल तथा भट्टूकलां में अच्छी बारिश हुई है। वहीं रतिया व फतेहाबाद शहर में आसमान में बादल छाए रहे और आंधी के बाद ठंडी हवाएं चलने से मौसम खुशगवार हो गया। मौसम विभाग के अनुसार, 2 जुलाई तक बारिश लगातार जारी रहेगी। वहीं यह बरसात फसलों के लिए भी काफी फायदेमंद बताई गई है।
बता दें कि जिले में ओवर ऑल 11 एमएम बारिश हुई। टोहाना में जहां 38 एमएम, वहीं जाखल में 5 एमएम बारिश दर्ज की गई वहीं भट्टूकलां में हल्की बूंदाबांदी हुई है। इस समय धान रोपाई की सीजन चल रहा है और बारिश का इंतजार कर रहे किसान धान रोपाई के कार्य में तेजी लाएंगे। बारिश के कारण जिले में तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। टोहाना संवाददाता के अनुसार, मानसून की पहली बारिश के चलते जहां आमजन को गर्मी से राहत मिली, वहीं निचले क्षेत्र बारिश के पानी से पूरी तरह जलमग्न हो गए। बारिश के चलते शहर की अनेक कॉलोनियों में मकानों में पानी घुस गया। शहर के डांगरा रोड स्थित बस स्टैंड, सदर थाने में पानी घुस गया। आंबेडकर चौक, चंडीगढ़ रोड, जमालपुर रोड पर बारिश का पानी दुकानों में घुस गया, जिससे दुकानदारों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार, टोहाना शहर में 38 एमएम बरसात दर्ज की गई। वहीं जनस्वास्थ्य विभाग की टीमें बारिश के पानी की निकासी में जुटी रही ताकि आमजन को दिक्कत न आए। पंचायत मंत्री व उपायुक्त के टोहाना में होने के चलते जनस्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी अधिक फुर्ती से काम करते हुए नजर आए, ताकि विभाग की कोई किरकिरी न हो। टोहाना में दोपहर तीन बजे बाद बारिश शुरू हो गई, उस समय पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली जिला अधिकारियों की किसान विश्राम गृह में बैठक ले रहे थे तथा विकास कार्यों बारे रिपोर्ट ली जा रही थी। इस दौरान जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे तथा जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता आदर्श सिंगला स्वयं बरसाती पानी निकासी को लेकर अपडेट ले रहे थे। बारिश के चलते बस स्टैंड में जलभराव हो गया जिससे यात्रियों को कठिनाईयों का सामना करना पड़ा, बस चालक सवारियों को बस स्टैंड के बाहर से उतारते हुए नजर आए ताकि उन्हें बस स्टैंड के अंदर पानी से होकर बाहर न आना पड़े। वहीं जाखल में भी वीरवार को 5 एमएम बारिश हुई।
फतेेहाबाद-रतिया में छाए रहे बदरा, नहीं हुई बारिश
फतेहाबाद व रतिया में वीरवार को आसमान में बादल तो छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। हालांकि पहले आंधी और उसके बाद साढ़े 14 किलोमीटर की रफ्तार से ली ठंडी हवाओं से मौसम खुशगवार हो गया। फतेहाबाद जिले में वीरवार को अधिकतम तापमान 10 डिग्री लुढ़ककर 32 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 27 डिग्री आंका गया।
जिले में इतनी हुई बारिश
खंड बारिश
टोहाना 36 एमएम
भट्टूकलां 01 एमएम
भूना 05 एमएम
कुलां 04 एमएम
जाखल 19 एमएम
फतेहाबाद ---
रतिया ---
कोट
अभी मानसून का आरंभ हुआ है। बारिश नरमा व धान दोनों फसलों के लिए लाभदायी है। बारिश से जहां धान की रोपाई में तेेजी आएगी, वहीं नरमा की फसल के लिए भी यह लाभदायक है।
-राजेश सिहाग, उपनिदेशक कृषि विभाग, फतेेहाबाद।