फतेहाबाद में लूट के बारे में जानकारी देते पेट्रोल पंप कर्मी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
फतेहाबाद के भट्टू कलां के आदमपुर रोड स्थित अरुणा पेट्रोल पंप पर रविवार रात को दो युवक कर्मचारी को पिस्तौल दिखाकर एक लाख 25 हजार रुपये लूट ले गए। लुटेरे जाते समय पंप पर लगे सीसीटीवी की डीवीआर भी ले गए। भट्टू पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
पंप कर्मचारी वीरेंद्र ने बताया कि रात को वह पंप पर सोया हुआ था। करीब 1 बजकर 50 मिनट पर बाइक पर दो युवक आए और उसे उठाया। जब वह उठा तो एक युवक ने उसका कॉलर पकड़ लिया और रुपये देने की मांग की। उसने कहा कि उसके पास रुपये नहीं है तो उसके ऊपर पिस्तौल तान दी और कॉलर से पकड़कर पंप के दफ्तर के अंदर ले गए। उसके अनुसार यहां पर उससे गल्ले की चाबी मांगी गई जो उसने दे दी, जिसके बाद पिस्तौल ताने युवक ने गल्ले से करीब सवा लाख रुपये की नकदी निकाल ली। इसके बाद दूसरे गल्ले की चाबी मांगी, लेकिन उसमें कुछ नहीं मिला।
उसने बताया कि दूसरा युवक चाकू लेकर खड़ा रहा और बाद में जाते हुए वे पंप के सीसीटीवी फुटेज की डीवीआर भी उखाड़ कर अपने साथ ले गए। इसके बाद उसने पंप संचालकों को सूचना दी और उसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। फिलहाल भट्टू थाना पुलिस ने कर्मचारी वीरेंद्र की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।