स्कोरपियो गाड़ी, जिस पर जज का स्टीकर लगा है।
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। न्यायिक परिसर में बुधवार दोपहर को पुलिस ने जज का स्टीकर लगी स्कोर्पियो गाड़ी को जब्त किया है। गाड़ी के शीशे पर स्टीकर जज जिला एवं सेशन कोर्ट लगा हुआ था। ये ही नहीं गाड़ी को भी नो पार्किंग में खड़ी थी। मामले में शहर पुलिस ने गाड़ी को जब्त करके कोर्ट के सीओसी विकेश कुमार की शिकायत पर गाड़ी मालिक के खिलाफ धारा 419 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मामले में आरोपी गाड़ी मालिक गांव किरढ़ान निवासी अशोक को काबू कर लिया है।
मामले के मुताबिक पुलिस को दी शिकायत में सीओसी विकेश कुमार ने बताया कि दोपहर एक बजे जब वह हुडा सेक्टर में अपने घर खाना खाने के लिए जा रहा था तो कोर्ट परिसर में एक सफेद रंग की गाड़ी नो पार्किंग में खड़ी थी। जब वह गाड़ी के पास गया तो गाड़ी के अगले शीशे पर स्टीकर जज जिला एवं सेशन कोर्ट लिखा हुआ था। गाड़ी पर लगा स्टीकर संदिग्ध है। शिकायत के बाद पुलिस ने गाड़ी को जब्त कर लिया और हुडा चौकी में ले गई।
युवक बोला- यूपी में रिश्तेदार हैं जज, उससे ली थी गाड़ी
पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले में गाड़ी मालिक गांव किरढ़ान निवासी अशोक को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में युवक ने पुलिस को बताया कि उसका रिश्तेदार यूपी में जज है और उससे गाड़ी खरीदी थी। इस दौरान गाड़ी पर स्टीकर लगा हुआ था जो कि उसने नहीं उतारा। बुधवार को वह किसी मामले में कोर्ट परिसर में आया हुआ था।
कोट
कोर्ट की तरफ शिकायत आई थी कि एक गाड़ी नो पार्किंग में खड़ी है और उस पर जज का स्टीकर लगा हुआ है। मामले में गाड़ी मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
- प्रदीप कुमार, प्रभारी हुडा चौकी