जाखल में रेलवे स्टेशन मास्टर के घर चोरी की घटना के बाद जांच के लिए पहुंचा पुलिस कर्मचारी।
जाखल। सोमवार देर रात को जाखल राजकीय रेलवे पुलिस के बिल्कुल साथ लगते स्टेशन मास्टर के क्वार्टर का ताला तोड़कर चोरों ने हजारों रुपये की नकदी व कपड़े चुरा लिए। घटना के दौरान स्टेशन मास्टर ड्यूटी पर गए हुए थे। चोरों ने चोरी की घटना के साथ-साथ उनके घर में आराम से बैठकर खाना भी खाया।
जाखल जंक्शन स्टेशन मास्टर जगदीश लाल कराड़िया ने बताया कि वह रात के समय रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी पर गए हुए थे। पीछे से चोरों ने रेलवे क्वार्टर का ताला तोड़कर 5 हजार की नगदी और 2 हजार के गर्म कपड़े सहित चार्जर प्वाइंट इंस्ट्रूमेंट सिस्टम सहित लगभग 10 हजार रुपये का सामान चुरा लिया। इस मामले की सूचना पुलिस को दी गई है। ज्ञात रहे कि डेढ़ माह पहले भी चोरों ने स्टेशन मास्टर के घर में चोरी की घटना को अंजाम देने पहुंचे थे, लेकिन साथ लगते क्वार्टर के कर्मचारी के जाग जाने पर चोर मौके से फरार हो गए थे।
रेलवे चौकी के बिल्कुल साथ क्वार्टर
चोरों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि राजकीय रेलवे पुलिस चौकी के साथ लगते क्वार्टरों में वह बार-बार घटना को अंजाम देने के लिए पहुंच गए हैं। रेलवे चौकी में लगे सीसीटीवी कैमरों से निगरानी भी की जाती है, लेकिन इसको धत्ता बताते हुए चोर रेलवे क्वार्टरों में चोरी की घटना को अंजाम दे रहे हैं।
-रेलवे स्टेशन मास्टर की शिकायत मिल गई है। उनके बयानों के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।
-सतनाम सिंह, जांच अधिकारी