भट्टूकलां। भट्टूकलां के एक सरकारी स्कूल में एक अध्यापक पर छात्राओं ने बदनीयती का आरोप लगाया है। इस बारे में विद्यालय की कुछ छात्राओं ने पीजीटी इंग्लिश अध्यापक पर आरोप लगाते हुए प्रधानाचार्य को लिखित में शिकायत की है।
शिकायत में छात्राओं ने बताया कि उक्त अध्यापक पिछले कई दिनों से उनके साथ गलत व्यवहार करते हुए बैड टच करता है। इतना ही नहीं उक्त अध्यापक उन्हें बरगलाने के लिए बैंच के नीचे से टॉफियां व अन्य चीजें भी छिपा कर देता है। जिस पर स्कूल प्रधानाचार्य ने एक कमेटी बनाकर अभिभावकों के साथ शुक्रवार को बैठक की। इस बैठक में आरोपी अध्यापक को स्पष्टीकरण के लिए बुलाया गया, लेकिन अध्यापक स्कूल में नहीं आया और उसका मोबाइल भी बंद रहा। अभिभावकों व स्कूल मैनेजमेंट कमेटी के सदस्यों ने स्कूल के कमरों में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। जिस पर उन्हें कुछ संदिग्ध हरकत नजर आई। इसके बाद इस मामले को लेकर एक कमेटी बनाकर अध्यापक के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई।
इस बारे में आरोपी अध्यापक से बात करनी चाही तो उनका मोबाइल बंद मिला। स्कूल की प्रधानाचार्य नकेश नरवाल सांई ने बताया कि उन्हें बारहवीं कक्षा की 13-14 छात्राओं व कुछ अभिभावकों की ओर से अध्यापक के खिलाफ शिकायत मिली है। जिस पर तुरंत संज्ञान लेते हुए जांच कमेटी बनाई गई है। जांच कमेटी की रिपोर्ट के बाद विभाग के उच्चाधिकारियों को आगामी कार्रवाई के लिए भेज दिया जाएगा।