फतेहाबाद में मेडिकल स्टोर संचालकों की बैठक लेते हुए एसपी आस्था मोदी
फतेहाबाद। पुलिस लाइन स्थित बैठक कक्ष में वीरवार को एसपी आस्था मोदी ने मेडिकल स्टोर संचालकों के साथ मीटिंग की और मेडिकल स्टोर संचालकों को नशीली दवाइयों को न रखने व बेचने बारे विचार विमर्श किया गया। मीटिंग के दौरान डीएसपी शमशेर सिंह, डीएसपी विरेंद्र सिंह, डीएसपी संजय कुमार, डीएसपी कुलवंत सिंह, ड्रग कंट्रोल ऑफिसर डॉ. दिनेश कुमार व डॉ. धीरज मौजूद रहे।
पुलिस अधीक्षक ने मेडिकल स्टोर संचालकों को सख्त हिदायत देते हुए कहा है कि वे किसी भी सूरत में नशीली दवाई न बेचें। उन्होंने कहा कि पुलिस जहां मादक पदार्थ तस्करों पर लगातार शिकंजा कस रही है, वहीं अब मेडिकल संचालकों पर भी पुलिस की पैनी नजर रहेगी और जो भी मेडिकल संचालक नशे के कारोबार में संलिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नोटिस में आया है कि कुछ लोग दूसरों के नाम पर लाइसेंस से मेडिकल स्टोर चला रहे हैं, पुलिस उन मेडिकल स्टोर संचालकों की जांच करवाएगी तथा दूसरे के नाम पर मेडिकल स्टोर चलाने वाले संचालकों का रजिस्ट्रेशन कैंसिल करवाकर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वर्ष 2023 में पकड़ी गई 9840 प्रतिबंधित गोलियां
वर्ष 2023 के रिपोर्ट के कार्ड के मुताबिक पुलिस ने 1162 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिले में नशा तस्करी के 219 मामले दर्ज कर 399 तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस दौरान तस्करों से 17 किलो 676 ग्राम अफीम, 4 किलो 467 ग्राम चरस, 22 क्विंटल चूरापोस्त, 52 किलो 473 ग्राम गांजा, 1 किलो 586 ग्राम हेरोइन, 9840 प्रतिबंधित गोलियां, 81 नशीली सिरप, 504 अफीम के पौधे बरामद किए हैं।
पर्ची के बिना न दें दवाई
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि डॉक्टरों की अधिकृत पर्ची के बिना दवाइयां बेचने वाले मेडिकल संचालकों पर भी कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि पुलिस की टीमें गांवों में घूमकर मेडिकल संचालकों का सर्वे कर उनका पता लगाएगी और यदि मेडिकल स्टोर किसी अन्य व्यक्ति के नाम से रजिस्ट्रेशन करवाकर चलाया जा रहा है, और उसमें किसी प्रकार की अनियमितताएं पाई जाती है तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने सभी मेडिकल संचालकों से अनुरोध किया कि अगर आपको पास नशीली दवाइयां है तो आप उसे तुरंत वापिस कर दें। केमिस्ट एसोसिएशन फतेहाबाद प्रधान रवि बाना, चेयरमैन केमिस्ट एसोसिएशन अरविंद मोगा हरप्रीत ग्रोवर केतन मिढा अशोक खुराना सहित सभी मेडिकल संचालकों ने इस विषय को गंंभीरता से लेते हुए हर प्रकार से पुलिस का सहयोग करने का आश्वासन दिया।