फतेहाबाद। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बुधवार को फतेहाबाद जिले को 291 करोड़ 55 लाख 92 हजार रुपये की सौगात दी है। इनमें दस परियोजनाएं शामिल हैं, जिसमें 38 करोड़ 41 लाख 15 हजार रुपये की पांच विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया है जबकि 253 करोड़ 14 लाख 77 हजार रुपये की पांच विकास परियोजनाओं के शिलान्यास किए हैं।
मुख्यमंत्री ने गांव डूल्ट में पंचायत विभाग की योजना के तहत प्रदेश के नौ जिलों के 60 अमृत प्लस सरोवरों को भी जनता को समर्पित किए। इनमें से 31 फतेहाबाद जिले के हैं। 60 तालाबों पर 28 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत आई है। अप्रैल महीने तक प्रदेश के 697 तालाबों के सुंदरीकरण का काम पूरा होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने तालाबों के जीर्णोद्धार के लिए तालाब प्राधिकरण का गठन किया। इस प्राधिकरण ने सर्वे किया तो प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्र में 18749 जबकि शहरी क्षेत्र में 900 तालाब मिले हैं। पहले चरण में 1650 तालाबों के काया कल्प की रूपरेखा तैयार की थी। मगर अब 2078 सरोवर बन रहे हैं। इन सरोवरों के सुंदरीकरण से गांव में स्वच्छता बढ़ी है। इन सरोवरों के पानी का सदुपयोग किया जा सकेगा। इससे पहले मुख्यमंत्री ने गांव डूल्ट में बनी ई-लाइब्रेरी और अमृत सरोवर का निरीक्षण भी किया।
पंचायत मंत्री पर ली चुटकी, बोले- इनकी चालाकी पकड़ी गई
मुख्यमंत्री ने गांव डूल्ट में जनसभा को संबोधित करते हुए पंचायत मंत्री देवेंद्र बबली पर चुटकी ली। उन्होंने कहा कि जिन 60 अमृत सरोवरों का उद्घाटन किया है, उनमें से 31 अकेले टोहाना क्षेत्र के हैं। इससे बबली की चालाकी पकड़ी गई है, उन्होंने सारे अपने यहां बनवा लिए हैं। मगर एक तरीके से यह सही भी है क्योंकि पहले मंत्री के हलके में सरोवर तैयार होंगे तो वह अन्य जिलों के लिए मॉडल के तौर पर पेश किए जा सकेंगे। आने वाले समय में दूसरे गांवों की पंचायतों को यहां का दौरा करवाकर अमृत सरोवरों की स्थिति दिखाई जाएगी।
आपके आशीर्वाद को दोगुना करके लौटाएंगे : बबली
जनसभा में विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने मुख्यमंत्री के सामने कहा कि पहले टोहाना क्षेत्र की अनदेखी होती रही। लोगों ने सत्ता सुख की राजनीति की। मगर अब विकास ने रफ्तार पकड़ी है। टोहाना में कई सालों से चल रही मांगें पूरी हुई हैं। इनमें टोहाना बाईपास, नया बस स्टैंड, 100 बेड का नया अस्पताल, 148बी नेशनल हाईवे के चौड़ीकरण का काम शुरू हो चुका है। गांव रसूलपुर में 1100 करोड़ रुपये की लागत से मेडिकल एवं नर्सिंग कॉलेज बन रहा है, जो इलाके की तस्वीर व तकदीर बदलने वाला प्रोजेक्ट है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मुखातिब होते हुए कहा कि टोहाना हलके की जनता आपके आशीर्वाद को दोगुना करके लौटाएगी।
सेम समस्या को लेकर किसानों को 27 को बुलाया चंडीगढ़
मुख्यमंत्री ने भट्टू क्षेत्र में सेम की समस्या को लेकर किसानों के धरने के सवाल पर कहा कि किसानों ने रासायनिक खादों का अत्यधिक उपयोग कर फसल की पैदावार तो बढ़ा ली, परंतु जमीन की गुणवत्ता खराब हो गई। रसायनों के कारण जमीन में एक पक्की लेयर बनने के कारण बारिश का पानी जमीन के नीचे नहीं जा रहा, जिससे कई क्षेत्रों में जलभराव व दलदल की समस्या बन चुकी है। भट्टू के धरनारत किसानों को 27 जनवरी को चंडीगढ़ बुलाया गया है। वहां अधिकारियों को साथ बिठाकर समाधान पर चर्चा की जाएगी।
इन विकास परियोजनाओं का हुआ उद्घाटन
प्रोजेक्ट लागत राशि
- गांव दीवाना में नहरी जल घर : 4 करोड़ 65 लाख रुपये
- गांव जल्लोपुर में सामुदायिक केंद्र : 1 करोड़ 77 लाख
- भूना के राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल में 12 एसीआर, 3 लैब व शौचालय : 3 करोड़ 19 लाख रुपये
- जाखल के राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल में 8 एसीआर, 3 लैब, कन्या शौचालय व लाइब्रेरी : एक करोड़ 12 लाख रुपये
- आरडी से 91400 सिरसा मेजर डिस्ट्रिब्यूरी का पुनर्वास कार्य : 28 करोड़ 31 लाख रुपये
इन परियोजनाओं का हुआ शिलान्यास
प्रोजेक्ट लागत राशि
- बुढ़लाडा-पंजाब बॉर्डर से रतिया-फतेहाबाद-भट्टू भादरा रोड का शिलान्यास : 185 करोड़ 48 लाख रुपये
- रतिया शहर में नहरी जलघर : 55 करोड़ 22 लाख रुपये
- गांव खाराखेड़ी में द्वितीय जलघर : 4 करोड़ 90 लाख रुपये
- गांव महमड़ा में नहरी स्वतंत्र जलघर : 4 करोड़ 47 लाख रुपये
- गांव हसंगा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र : 3 करोड़ 5 लाख रुपये