फतेहाबाद। गांव बड़ोपल के वन्य जीव क्षेत्र में कुछ लोग जंगली कुत्ते और बंदूकें लेकर जंगली जानवरों का शिकार करने पहुंच गए। गांव के कुछ वन्य जीव प्रेमियों को इस बारे में पता चला तो उन्होंने शिकारियों का पीछा किया लेकिन आरोपी मौके से भागने में सफल हो गए। एक जंगली सुअर मौके पर मृत पाया गया जिसका शिकार किए जाने की आशंका जाहिर की गई है। फिलहाल सदर थाना पुलिस ने वन्य जीव निरीक्षक दलजीत सिंह की शिकायत पर 10 अज्ञात शिकारियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मौके से 4 बंदूकें भी जब्त की गई हैं।
बड़ोपल चौकी में पुलिस को दी गई शिकायत में वन्य जीव प्राणी विभाग के निरीक्षक दलजीत सिंह ने बताया कि 14 जनवरी की शाम को कुछ लोग बड़ोपल गांव के वन्य जीवों के लिए रिजर्व क्षेत्र में बंदूकें और जंगली कुत्ते लेकर पहुंचे थे। इन लोगों के बारे में गांव के ही सतपाल नाम के व्यक्ति ने वन्य जीव विभाग के गार्ड को सूचना दी। सूचना मिलने पर वन्य जीव प्राणी विभाग की टीम मौके पर पहुंची लेकिन तब तक शिकारी लोग मौके से भाग निकले। मौके पर छानबीन करने पर एक जंगली सुअर मौके पर मृत पाया गया जिसके कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। निरीक्षक दलजीत सिंह ने बताया कि कुछ शिकारी कुत्ते भी शिकार करने पहुंचे लोग अपने साथ लाए थे। भागने वाले लोग शिकारी कुत्तों को भी मौके पर ही छोड़ गए और टीम ने मौके से चार बंदूकें भी बरामद की हैं। पुलिस को 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ वन्य जीव प्राणी विभाग की टीम ने शिकायत दर्ज करवाई है। सदर थाना में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ वाइल्ड लाइफ एक्ट व अन्य विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। वन्य जीव प्राणी विभाग ने बंदूकें लाइसेंसी होने पर इनके लाइसेंस कैंसिल करने की भी गुजारिश प्रशासन से की है।