फतेहाबाद। जिला मुख्यालय लेकिन खेल स्टेडियम ऐसा जहां पर पैदल चलना भी मुश्किल, कदम-कदम पर कांटे। दो से तीन फुट तक कंटीली झाड़ियां। तैयारी करने के लिए कोई संसाधन नहीं। कांटों के बीच दौड़ते खिलाड़ी। झाड़ियों के बीच शौचालय, जहां पर जाने से भी डर लगता है। ये हालात जिला खेल स्टेडियम के हैं, इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि ग्रामीण स्तर पर बने खेल स्टेडियम की हालत कैसी होगी।
सोमवार को जिला मुख्यालय से तीन किलोमीटर दूर गांव भोड़िया खेड़ा में बने जिला खेल स्टेडियम की पड़ताल की। सरकार बेशक खेलों को बढ़ावा देने की बात कर रही है लेकिन पड़ताल में हालात ऐसे मिले जैसे ये जिला खेल स्टेडियम न होकर जंगल है। जहां पर सिर्फ कंटीली झाडिय़ां ही झाड़ियां मिली। जिला खेल स्टेडियम के कार्यालय के अधिकारियों का सिर्फ ये ही तर्क मिला कि यहां तो सिर्फ डिप्टी सुपरिडेंट और क्लर्क है। जिला खेल अधिकारी भी लंबी छुट्टियों पर चले गए हैं। ऐसे में जिला खेल स्टेडियम के हालात कैसे अच्छे हो सकते हैं।
ग्राउंड की छह माह से सफाई तक नहीं हुई
जिला खेल स्टेडियम के पूरे ग्राउंड में दो से तीन फुट तक कंटीली झाड़ियां उगी हुई है। क्रिकेट पिच, बैडमिंटन पोल तक कंटीली झाड़ियों के बीच दब चुके है। खिलाड़ी सुबह और शाम के समय इस कंटीली झाड़ियों के बीच दौड़ लगाने का मजबूर हैं। ग्राउंड की पिछले 6 माह से सफाई तक नहीं हुई है। अधिकारियों का कहना है कि दो ही ग्राउंडमैन है, जिसमें से एक की ड्यूटी चौकीदारी में लगा रखी है।
शौचालय व बाथरूम की हालत खराब, पानी तक नहीं
जिला खेल स्टेडियम के ग्राउंड में बनाए गए शौचालय में जाने को रास्ता तक नहीं है। झाड़ियों से होकर शौचालय तक जाना पड़ता है। लेकिन शौचालय व बाथरूम की हालत ऐसी है कि यहां पर पानी तक नहीं है और दरवाजे भी टूटे हुए हैं।
इंडोर स्टेडियम में लटका ताला
करोड़ों रुपये की लागत से बने इंडोर स्टेडियम पर ताला लटका हुआ है। सरकारी कार्यक्रम होने पर अधिकारी स्टेडियम का ताला खोलते हैं। ऐसे में खिलाड़ी कैसे तैयारी कर सकते हैं।
बंदरों से परेशान खिलाड़ी, लेकिन समाधान नहीं :
खेल स्टेडियम में अब तक करीब 12 खिलाडिय़ों को बंदर काट चुके है। जिला खेल स्टेडियम के अधिकारी उच्च अधिकारियों को पत्र लिखकर औपचारिकता पूरी कर रहे हैं। उपायुक्त महावीर कौशिक तक मामला पहुंच चुका है लेकिन समाधान नहीं हुआ है।
जानिए क्या है खेल स्टेडियम की स्थिति
पद कार्यरत
जिला खेल अधिकारी 1
डिप्टी सुपरिटेडेंट 1
क्लर्क 1
सहायक 0
ग्राउंडमैन 2 (एक चौकीदार की ड्यूटी कर रहा)
जिला खेल स्टेडियम बारिश के कारण घास उगी है। ग्राउंड की सफाई को लेकर मनरेगा मजदूरों को बुलाया गया है। मनरेगा मजदूरों को बुलाकर सफाई करवा दी जाएगी। जहां तक शौचालय की बात है वहां पर पानी की सप्लाई नहीं है, इससे उन्हें बंद किया गया है।
- जगजीत सिंह मलिक, जिला खेल अधिकारी
जिला खेल स्टेडियम में उगी घास।- फोटो : Fatehabad