भूना की मास्टर प्लान 2031 की ड्राइंग।
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। सब उप-तहसील भूना में अब हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण रिहायशी कॉमर्शियल सेक्टर काटने जा रहा है। 199 हेक्टेयर भूमि पर हुडा के 6 सेक्टर कटेंगे। इनमें 28 हेक्टेयर भूमि पर कॉमर्शियल और 63 हेक्टेयर भूमि पर इंडस्ट्रियल सेक्टर विकसित करने की योजना है। इस बारे में निदेशक टाउन एवं कंट्री प्लानिंग से अप्रूवल मिल चुकी है। डिस्ट्रिक प्लानिंग कमेटी से भी इसे स्टेट लेवल कमेटी के पास भेजा गया है। वहां से अपूवल आते ही सेक्टर विकसित करने का काम शुरू हो जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर पालिका भूना को 7 नवंबर 2007 को कंट्रोल एरिया घोषित किया गया था। अब आबादी 72 हजार है। भूना 580 हेक्टेयर भूमि पर बसा हुआ है। हाल ही में जिला नगर योजनाकार विभाग ने इसके लिए मास्टर प्लान 2031 तैयार किया है, जिसका सरकार से अनुमोदन भी हो चुका है। मास्टर प्लान 2031 के अनुसार भूना में 287 हेक्टेयर में रिहायशी सेक्टर, 28 हेक्टेयर भूमि में कॉमर्शियल, 63 हेक्टेयर में इंडस्ट्रियल, 70 हेक्टेयर में ट्रांसपोर्ट, 15 हेक्टेयर में पब्लिक यूटिलिटी, 51 हेक्टेयर में पब्लिक एवं सेमीपब्लिक तथा 66 हेक्टेयर भूमि पर ओपन स्पेस तथा ग्रीन बेल्ट बनाई जाएगी। जिला नगर योजनाकार विभाग के अनुसार इनमें सेक्टर-1 का पार्ट-1, पार्ट-2, पार्ट-3 तथा पार्ट-5 रिहायशी सेक्टर के रुप में विकसित किया जाएगा। सेक्टर-6 को ट्रांसपोर्ट नगर के रुप में विकसित किए जाने का प्रस्ताव है। इसके अलावा भूना की दक्षिण ओर बाईपास निकाले जाने का प्रस्ताव है। अगले प्रारूप में भूना का बस स्टैंड, सिविल अस्पताल, राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल, कम्यूनिटी सेंटर की जगह चिन्हित की जाएगी।
वर्जन
भूना में रिहायशी व कॉमर्शियल सेक्टर विकसित किए जाने का प्रस्ताव है। इसे मास्टर प्लान में भी स्वीकृति दी जा चुकी है। इसे जिला लेवल कमेटी भी स्वीकृति दे चुकी है। स्टेट लेवल कमेटी की स्वीकृति के बाद यहां पहले चरण का काम शुरू हो जाएगा।
जेपी खासा, जिला नगर योजनाकार फतेहाबाद।