फतेहाबाद में डोर टू डोर सर्वे के दौरान फ्रिज में लारवा की जांच करते हुए कर्मचारी
फतेहाबाद। डेंगू और मलेरिया व कंट्रोल के लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से रेपिड फीवर सर्वे जारी है और सातवां चरण मंगलवार को खत्म हो जाएगा। सर्वे के तहत सोमवार को शहर फतेहाबाद में टीमों ने डोर-टू-डोर सर्वे किया। इस दौरान टीम को कई घरों के कूलर व फ्रिज ट्रे में लारवा मिला। जिले में अब तक दो हजार से ज्यादा घरों में लारवा मिल चुका है। हालांकि विभाग की तरफ से मंगलवार शाम को रिपोर्ट जारी की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग ने सर्वे के लिए जिले में 1.92 लाख घरों का लक्ष्य दिया हुआ है। सर्वे के दौरान टीम बुखार पीड़ितों के ब्लड की स्लाइड बनाकर मलेरिया की भी जांच कर रही है। पहले विभाग की तरफ से 1 से 10 तारीख तक सर्वे किया जाता था लेकिन इस बार छुट्टियां ज्यादा रहने के कारण 15 अक्टूबर तक रखा गया है। जिले में डेंगू के अब तक 26 केस मिल चुके हैं। इसमें बच्चे भी शामिल है जो कि डेंगू की चपेट में आ रहे हैं।
रेपिड फीवर सर्वे में ये मिल चुके है बुखार पीड़ित
माह सर्वे का लक्ष्य सर्वे हुआ बुखार पीड़ित मिले
अप्रैल 192158 132651 2067
मई 192158 133054 1907
जून 192158 145156 2093
जुलाई 192158 143363 2179
अगस्त 192158 135520 1875
सितंबर 192158 142322 2022
डेंगू और मलेरिया को कंट्रोल के लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से सर्वे जारी है। लोगों से भी अपील है कि सावधानी बरतें और अपने घरों के आसपास पानी इकट्ठा न होने दें।
- डॉ. विष्णु मित्तल, जिला महामारी रोकथाम, विशेषज्ञ।