टोहाना में प्रदर्शन करतीं छात्राएं।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
टोहाना शहर के रतिया रोड स्थित श्री दुर्गा महिला महाविद्यालय के गेट के बाहर छात्राएं पिछले तीन दिन से धरना प्रदर्शन कर रही थीं। कोई सुनवाई न होने पर वे शुक्रवार को शहर में प्रदर्शन करते हुए कैबिनेट मंत्री देवेंद्र सिंह बबली के डांगरा रोड स्थित कार्यालय का घेराव करने पहुंच गईं। छात्राओं ने पंचायत मंत्री के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। इसके बाद उन्होंने अपनी मांगों को लेकर मंत्री के निजी सचिव निशांत कामरा को ज्ञापन भी सौंपा। छात्राओं के साथ प्रदर्शन में कॉलेज के स्टाफ सदस्य भी शामिल रहे। इसके बाद छात्राओं ने एसडीएम कार्यालय के बाहर भी प्रदर्शन किया और नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
यह है मामला
दरअसल, दुर्गा महिला महाविद्यालय की छात्राएं स्कूल प्रबंधन समिति द्वारा मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं करवाए जाने से नाराज हैं। पिछले महीने भी छात्राओं ने कॉलेज के आगे रोड जाम करके सुविधाएं देने की मांग की थी। छात्राओं का आरोप है कि कॉलेज प्रबंधन समिति सिर्फ राजनीति करती है। विधायकों और मंत्रियों की चापलूसी पर पैसा खर्च होता है जबकि छात्राओं के लिए कॉलेज में पीने का पानी तक नहीं है। न ही बेहतर बिजली व्यवस्था है। जनरेटर खराब पड़ा है। बिजली गुल होते ही गर्मी में पंखे तक नहीं चलते हैं।
छात्रा मनीषा, सीमा व अन्य ने बताया कि तीन दिन से वे धरना दे रही हैं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इससे आक्रोशित होकर उन्हें मंत्री व एसडीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करने पर मजबूर होना पड़ा है। छात्राओं ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाएगा, तब तक वे धरना खत्म नहीं करेंगी और अपना संघर्ष जारी रखेंगी। छात्राओं को किसान संगठनों से लेकर छात्र संगठनों तक का समर्थन मिल रहा है।