कोरोना के सैंपल लेते स्वास्थ्य कर्मचारी।
- फोटो : Fatehabad
जिले में कोरोना महामारी फिलहाल पूरी तरह नियंत्रण में है। संभावित तीसरी लहर को लेकर हर कोई चिंतित है। इसलिए स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क है। रोजाना लगभग 1000 से 1200 लोगों के कोरोना जांच के लिए सैंपल लिए जा रहे हैं। शनिवार को बीते चौबीस घंटे में 1132 सैंपल लिए गए थे। राहत की बात ये रही कि एक भी नया केस नहीं मिला। इससे पहले शुक्रवार को भी कोई नया केस नहीं मिला। हालांकि बीच-बीच में एक या दो रोगी मिल रहे हैं।
जिले में फिलहाल चार रोगी सक्रिय हैं, जो होम आइसोलेशन में हैं। स्वास्थ्य विभाग ने संभावित तीसरी लहर के मद्देनजर सैंपलिंग बढ़ा दी है ताकि वास्तविक स्थिति के बारे में पता चलता रहे। विभाग स्कूलों में जाकर भी विद्यार्थियों के सैंपल ले रहा है। साथ में लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है कि वे महामारी को लेकर सतर्क रहें। मास्क का प्रयोग करें और सामाजिक दूरी भी बनाए रखें। बेशक, महामारी काबू में हैं, लेकिन काफी लोग घूमने के लिए निकल रहे हैं। यह स्थिति चिंता में डालने वाली है। इसलिए विभाग सभी को हिदायत देता है कि भीड़-भाड़ वाली जगहों पर तभी जाएं, जब बहुत ज्यादा जरूरी हो।
ये है अब तक की स्थिति
कुल सैंपल लिए : 2.87 लाख
संक्रमित मिले : 17827
कुल मौतें : 484
सक्रिय रोगी : 04
कोट
जिले में दूसरी लहर जाने के बाद से स्थिति नियंत्रण में है। मगर फिर भी विभाग अपनी तरफ से कोई लापरवाही नहीं बरत रहा। नियमित रूप से सैंपल लिए जा रहे हैं। जैसे ही किसी में संक्रमण की पुष्टि होती है, उसका तत्काल उपचार शुरू किया जाता है।
- डॉ. विष्णु मित्तल, जिला महामारी नियंत्रण अधिकारी।