पूर्व विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया ने भाजपा को कहा अलविदा।
- फोटो : फाइल फोटो
किसान आंदोलन के बीच हरियाणा में भाजपा को एक और झटका लगा है। फतेहाबाद के दौलतपुर गांव निवासी व पूर्व विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया ने रविवार को गांव में हुई पंचायत में भाजपा को छोड़ दिया है।
बता दें कि बलवान सिंह दौलतपुरिया ने हरियाणा विधानसभा चुनाव से कुछ समय पहले ही इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) को छोड़कर भाजपा का दामन थामा था। हालांकि विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं मिली और भाजपा ने फतेहाबाद की टिकट पूर्व विधायक व कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए दुड़ाराम को दे दी थी।
लेकिन उसके बाद भी पूर्व विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया पार्टी में बने रहे। अब किसानों के समर्थन में पूर्व विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया ने भाजपा को अलविदा कह दिया है। दौलतपुरिया सोशल मीडिया पर काफी समय से किसानों के पक्ष में लिख रहे थे। रविवार को पूर्व विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया ने अपने गांव के मुख्य चौक पर एक पंचायत का आयोजन किया। जिसमें आसपास के सैकड़ों लोगों ने भाग लिया।
किसानों ने पूर्व विधायक से कहा कि अगर वो उनका साथ देना चाहते है तो भाजपा छोड़ दे। जिसके बाद पूर्व विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया ने भारतीय जनता पार्टी छोड़ दी। वहीं, गाड़ी पर लगा भाजपा का झंडा भी उतार दिया।
पार्टी छोड़ने के बाद उन्होंने भाजपा के खिलाफ नारे भी लगाए। इसके बाद गाड़ी पर किसान आंदोलन का झंडा लगा लिया। पूर्व विधायक बलवान सिंह ने कहा कि मैं खुद किसान हूं। किसानों के साथ सरकार ने गलत किया। ऐसे में आत्मा से आवाज आई कि इस पार्टी में रहकर वो किसानों का साथ नहीं दे सकते। इसलिए उन्होंने रविवार को भाजपा का साथ छोड़ दिया है।