फतेहाबाद में लारवा की ढूंढते स्वास्थ्यकर्मी।
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। अस्पतालों में बुखार की ओपीडी रोजाना बढ़ रही है। निजी अस्पतालों में रोजाना 150 तक ओपीडी पहुंच रही है। ये ही हालात नागरिक अस्पताल में भी है। हालात ये हैं कि निजी अस्पतालों में मरीजों को उपचार लेने के लिए बेड नहीं मिल रहे हैं। शुक्रवार को जिले में डेंगू के 20 नए मरीज मिले हैं। जिले में डेंगू मरीजों का कुल आंकड़ा 640 तक पहुंच गया है। हालांकि दो दिन से डेंगू के मरीजों का इजाफा 50 फीसदी तक कम हुआ है। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू के 137 सैंपल लिए हैं। अभी तक जिले में 2182 सैंपल लिए जा चुके हैं। इसमें 640 मरीजों की पुष्टि हुई है।
डेंगू के सबसे ज्यादा मरीजों की पुष्टि फतेहाबाद शहर में हो रही है। 20 में से 7 केस शहर फतेहाबाद में मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक फतेहाबाद के रामनिवास मोहल्ला निवासी 35 वर्षीय युवक, गढ़ी मोहल्ला निवासी 39 वर्षीय युवती, जवाहर चौक निवासी युवती, 65 वर्षीय दो बुजुर्ग, पुरानी तहसील चौक निवासी युवक, टोहाना निवासी बुजुर्ग, गांव समैन निवासी युवक, टोहाना निवासी युवक, रतिया के शक्ति नगर निवासी युवक, फतेहाबाद के सेक्टर तीन निवासी बुजुर्ग महिला डेंगू पॉजिटिव मिली है। स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को 3470 घरों में चेकिंग की। इस दौरान 58 घरों में लारवा मिला। अभी तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें 4 लाख 6 हजार घरों में जांच कर चुकी है। यहां 4986 घरों में लारवा मिला है। टीम ने इन्हें लारवा मिलने पर नोटिस जारी किया है।
कोट
डेंगू को खत्म करने के लिए लोगों का जागरूक होना जरूरी है। अपने घरों में और आसपास पानी इकट्ठा न होने दें। डेंगू के लक्षण दिख रहे हैं तो जांच जरूर करवाएं। डॉक्टर की सलाह से ही दवा लें। इसके अलावा ज्यादा से ज्यादा फ्लूड लें, जिसमें नारियल पानी और फ्रूट जूस ले सकते हैं।
- डॉ. वीरेश भूषण, सिविल सर्जन