फतेहाबाद में प्रदर्शनकारी किसानों से बातचीत करते डीएसपी सुभाष बिश्नोई।
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। जिले में किसानों को यूरिया के संकट से पूरी तरह निजात नहीं मिली है। यूरिया की किल्लत से परेशान होकर किसान संघर्ष समिति पगड़ी संभाल जट्टा से जुड़े किसान बुधवार को लघु सचिवालय के गेट के बाहर धरने पर बैठ गए। धरना-प्रदर्शन की पाबंदी के बावजूद काफी संख्या में किसानों के एकत्रित होने से पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। करीब आधे घंटे से भी ज्यादा देर तक गेट पर किसान बैठकर प्रदर्शन करते रहे।
बाद में समिति के प्रतिनिधिमंडल की उपायुक्त प्रदीप कुमार से मुलाकात करवाई गई। उपायुक्त के कार्यालय में कृषि विभाग से लेकर बिजली निगम तक के अधिकारियों को बुलाया गया। बाद में डीसी ने आश्वासन दिया कि यूरिया की किल्लत नहीं रहने दी जाएगी। किसान संघर्ष समिति के अध्यक्ष मनदीप नथवान, कल्याण सिंह धांगड़, भूपेंद्र सिंह, सुरेश गढ़वाल आदि ने बताया कि जिले में यूरिया खाद का संकट जारी है। जिले में यूरिया का स्टॉक खत्म हो चुका है। जिन निजी दुकानों पर खाद का स्टॉक है, वो खाद के साथ अन्य सामान लेने का दबाव देते है। कृषि विभाग के अधिकारी किसानों को लगातार नैनो यूरिया के इस्तेमाल करने के लिए कह रहे हैं। मगर निजी दुकानदारों पर शिकंजा नहीं कस रहे हैं। बारिश के बाद से लगातार खाद की जरूरत है। कंपकंपाती ठंड में भी किसानों को लाइनों में लगना पड़ रहा है। भूना में तो किसानों को थाने में यूरिया बांटी जा रही है।
डीसी बोले- कृषि विभाग के निदेशक से की है बात
डीसी प्रदीप कुमार ने समिति सदस्यों को आश्वासन दिया कि उन्होंने कृषि विभाग के निदेशक डॉ. हरदीप सिंह से जिले के लिए तुरंत प्रभाव से तीन रेक भिजवाने की मांग की है। निदेशक डॉ. हरदीप सिंह ने इस पर सहमति जताते हुए इसी सप्ताह में इसे उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया है। पड़ोसी जिलों में लगने वाले रैकों से भी जिले को खाद उपलब्ध करवाई जाएगी। खाद की सप्लाई निरंतर जारी रहेगी।
फतेहाबाद में लघु सचिवालय के गेट के बाहर धरने पर बैठे किसान।- फोटो : Fatehabad