फतेहाबाद में पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों से 14.30 ग्राम हेरोइन बरामद की है। दोनों मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पहले मामले में शहर थाना फतेहाबाद के अंतर्गत गुरुनानक चौकी पुलिस टीम ने बाइक सवार ढाणी मानावाली निवासी संजय को पकड़ा है। उसके खिलाफ शहर थाना फतेहाबाद में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
चौकी इंचार्ज राधेश्याम के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त के दौरान सिरसा हिसार बाईपास पर मौजूद थी। उसी दौरान हिसार की तरफ से बाइक पर आया युवक पुलिस को देखकर बाइक को वापस मोड़ने लगा। शक के आधार पर पुलिस ने उसे काबू कर उससे पूछताछ की। उसकी तलाशी ली तो उसके कब्जे से 8 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
वहीं, दूसरी मामले में जाखल पुलिस ने एक युवक से 6.30 ग्राम हेरोइन बरामद की है। आरोपी के खिलाफ थाना जाखल में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम राजकुमार एएसआई के नेतृत्व में गश्त के दौरान गांव चुहड़पुर की तरफ जा रही थी। उसी दौरान एक व्यक्ति को शक के आधार पर काबू कर उसकी तलाशी ली तो उसके कब्जे से 6.30 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी बलकार निवासी चुहड़पुर के खिलाफ केस दर्ज कर सप्लायर की तलाश शुरू कर दी है।
जाखल मंडी में एक दुकान पर तोड़फोड़ करने के तीन आरोपी गिरफ्तार
फतेहाबाद के जाखल मंडी स्थित एक दुकान में तोड़फोड़ व मारपीट करने के मामले में तुरंत संज्ञान लेते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए तीनों आरोपी गांव चांदपुरा के रहने वाले हैं, जिनके नाम गुरतयान, बलविंद्र व सोकी खान हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयोग की गई गाड़ी व डंडे भी बरामद कर लिए हैं। तीनों आरोपियों को बुधवार दोपहर बाद पुलिस अदालत में पेश करेगी।
जाखल थाना प्रभारी रणजीत सिंह ने बताया कि जाखल मंडी के एक दुकानदार ने शिकायत दी थी कि मंगलवार को तीन युवक बोलेरो गाड़ी में आए और उसकी दुकान में जबरदस्ती घुसकर उसके वर्कर के साथ मारपीट की और दुकान में तोड़फोड़ करने लगे। इसकी सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को दी गई। इस सूचना पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। वारदात के कुछ समय बाद ही जाखल पुलिस ने तीनों आरोपियों को बस अड्डा तलवाड़ा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बोलेरो गाड़ी व डंडे बरामद किए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि तीनों आरोपियों को आज अदालत में पेश किया जाएगा।