फाईनल में विजेता होने के बाद श्ल्डि के साथ प्रसनचित्त मुद्रा में मलकीत।
- फोटो : bureau
श्री हनुमान अखाड़ा के पहलवान मलकीत गड़वाल ने मध्यप्रदेश के इंदौर में हैवीवेट की सुपर एशियन रेसलिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मैडल जीतकर जिला फतेहाबाद का नाम रोशन किया है। मलकीत ने आस्ट्रेलिया के वॉमबॉम बॉलर को फाइनल मुकाबले में धूल चटाकर उक्त खिताब हासिल किया है। 15 मिनट की फाइट में गोल्ड मैडल जीतकर उसने अपने रिकॉर्ड में और इजाफा किया है।
गौरतलब है कि श्री हनुमान अखाड़ा के रेसलर भूथनकलां निवासी मलकीत सिंह गढ़वाल 19 फरवरी को भूना से इंदौर पहुंचे थे। इंदौर में आयोजित सुपर एशियन रेसलिंग चैंपियनशिप में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते मलकीत ने चीन और मलेशिया के नामी पहलवानों को मात देकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में विश्व के प्रसिद्ध फाइटर वॉमबॉम बॉलर से कांटे का मुकाबला हुआ। जिसमें मलकीत ने मात्र 15 मिनट में ही वॉमबॉम पर विजय पा ली। मलकीत सिंह गढ़वाल बुधवार को फतेहाबाद पहुंचेंगे। स्वागत समारोह में भूथन कलां और भूना के सैकड़ों लोग अपने होनहार व लाड़ले बेटे को ढोल नगाड़ों के साथ खुली जीप में गांव तक लाएंगे। मलकीत के दादा रेड़ा राम और कुरड़ा राम गढ़वाल अपने पोते की सफलता पर खुशी का इजहार करते कहा कि आस्ट्रेलिया के नामी पहलवान को चारो खाने चित करके हमारे पोते ने हरियाणा का नाम देशभर में रोशन किया है। पहलवान के पिता देवेंद्र सिंह और मां सुनीता देवी ने भी बेटे की शानदार जीत पर हर्ष जताया है।