डेढ़ करोड़ की लॉटरी जीतने वाले आजाद सिंह अपनी लॉटरी का टिकट दिखाते हुए।
- फोटो : bureau
कहते हैं भगवान के घर देर है, अंधेर नहीं। इस कहावत को कभी सौ-सौ के रुपये के लिए तरसने वाले गांव दैयड़ के आजाद सिंह से बेहतर शायद ही कोई समझ सकेगा। भगवान ने उनके अंधेरे घर में लक्ष्मी की ऐसी रोशनी फैलाई है कि पूरा गांव ही चकाचौंध हो गया। आजाद सिंह को पंजाब लॉटरी के लोहड़ी बंपर ड्रा से डेढ़ करोड़ की लॉटरी लगी है। अपने भाई-भाभी के साथ कच्चे घर में गुजर-बसर कर रहे आजाद सिंह अब रातों-रात करोड़पति बन गया है। आजाद सिंह ने पहली बार ही लॉटरी खरीदी थी। 8वीं तक पढ़े लिखे आजाद सिंह ने बताया कि वह इस लाटरी की रकम से पहले रहने लायक कोठी बनाएगा, फिर अपना बिजनेस शुरू करेगा और फिर शादी कर अपना घर बसाएगा। इस बीच कुछ राशि वह सामाजिक कार्यों पर भी खर्च करेगा। मंगलवार को लाटरी वालों की तरफ से तीन अधिकारी गांव में पहुंचे और आजाद सिंह को लाटरी मिलने की कन्फर्मेशन दी। लगभग तीन माह बाद आजाद को लाटरी की रकम मिल जाएगी।
पेशे से हलवाई का काम करने वाले आजाद सिंह की मानें तो उसने सपने में भी नहीं सोचा था कि उसकी किस्मत इस कद्र खुलेगी और वह अपने लिए अच्छे मकान, बिजनेस का सपना पूरा कर सकेगा। अब उसे यह सपना सच होता दिख रहा है। आजाद सिंह आंखों में खुशी के आंसू लिए बताते हैं कि उनके मां-बाप का देहांत हो चुका है और वो अपने भाई भाभी के साथ एक कच्चे मकान में गुजर-बसर करता था। गांव के बस स्टैंड पर ही हलवाई का काम कर अपना गुजारा चला रहा था। लेकिन इस एक खुशी ने उसकी जिंदगी का पूरा रुख ही बदल दिया।
दोस्त के कहने पर खरीदा पंजाब लाटरी का लोहड़ी बंपर ड्रा
लाटरी की कहानी सुनाते आजाद सिंह ने बताया कि दिसंबर माह में वो किसी काम से सिरसा गया और एक दोस्त के कहने पर उसने पंजाब लाटरी के लोहड़ी बंपर ड्रा की 200 रुपये वाली लाटरी खरीद ली। आजाद सिंह की मानें तो उसे लाटरी निकलने की बिल्कुल उम्मीद भी नहीं थी। पंजाब चुनाव के चलते लाटरी का रिजल्ट लेट हो गया लेकिन जब रिजल्ट आया तो लगा मानो सारी खुशियां एकसाथ आ गई। आजाद सिंह बताते हैं कि बीती रात वो ऑनलाइन बैठकर लाटरी का रिजल्ट चेक कर रहा था तो उसके नंबर पर लाटरी का मैच कर गया। उसकी लाटरी टिकट 245838 बी को पहला इनाम निकला, जिसकी राशि 1 करोड़ 50 लाख रुपये थी, उसे एक बार में यकीन नहीं आया जिसके बाद उसने बार-बार नंबर मैच किया। जब उसे यकीन हो गया तो उसने सबके साथ इस खुशी को सांझा किया। आजाद सिंह की लाटरी लगने से न केवल उसका परिवार बल्कि पूरा गांव खुश नजर आया। गांव में जश्न का माहौल देखने को मिला। ढोल नगाड़ों के साथ पूरा गांव झूम उठा, महिलाओं ने खुशी के गीत गाए और भोज का भी आयोजन किया गया।