हरियाणा में फतेहाबाद जिला नशे का गढ़ बन चुका है। दिल्ली, पंजाब और राजस्थान के रास्ते जिले में नशीले पदार्थों की सप्लाई हो रही है। यही नहीं, अब दिल्ली से फतेहाबाद के रास्ते पंजाब में भी हेरोइन की सप्लाई बढ़ गई है। तस्कर लिंक मार्गों से दिल्ली से पंजाब तक हेरोइन की सप्लाई कर रहे हैं। इसके पीछे मुख्य वजह ये है कि दिल्ली से नाइजीरियन हेरोइन की सप्लाई कर रहे हैं, जो केमिकल युक्त होती है।
नशे की चेन तोड़ने में पुलिस नाकाम
505 ग्राम हेरोइन बरामद, नहीं पकड़ में आया मुख्य सप्लायर
एंटी नारकोटिक्स टीम ने 12 मई को भूना में सिरसा निवासी एक युवक को 505 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा था। पूछताछ में सामने आया था कि आरोपी तस्कर दिल्ली में एक नाइजीरियन से हेरोइन लेकर आया था। आरोपी को रिमांड पर लिया गया लेकिन नाइजीरियन नहीं पकड़ा जा सका।
महिला से लाए थे हेरोइन लेकिन नहीं पकड़ी गई
गांव धांगड़ के पास से पुलिस ने पिछले साल 9 दिसंबर को तीन युवकों को 400 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा था। पूछताछ में सामने आया था कि हेरोइन गुरुग्राम से एक महिला से लेकर आए हैं। लेकिन पुलिस मुख्य सप्लायर महिला को नहीं पकड़ पाई।
सुनसान इलाकों में युवा टीका लगा कर रहे नशा
शहर फतेहाबाद के सुनसान इलाकों में युवा इंजेक्शन लगाकर नशा कर रहे हैं। फतेहाबाद के चार मरला कॉलोनी में कई कॉम्पलेक्स बने हे जो कि काफी समय से बंद है। युवा यहां पर इंजेक्शन लगाकर नशा करते हैं। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट पर नजर डाले तो नशा मुक्ति केंद्र में 997 मरीज दाखिल हुए हैं। सर्वे के दौरान सामने आया है कि 34 मरीजों की मौत हो चुकी है।
आईजी ने गोद लिए हुए हैं दस गांव
हिसार रेंज के आईजी राकेश आर्य ने फतेहाबाद जिले के नशे से प्रभावित दस गांवों को गोद लिया हुआ है। इनमें गांव अयाल्की, हिजरावां कलां, भरपूर, रत्ता खेड़ा, लाली, नकटा, रतनगढ़, ब्राह्मणवाला, महमड़ा, चूहड़पुर शामिल हैं। यहां पुलिस की टीमें लगातार जागरूकता अभियान चला रही हैं।
नशे की तस्करी को रोकने के लिए पुलिस की स्पेशल टीमें बनी हुई है। काफी मात्रा में नशीले पदार्थ पकड़े भी जा रहे हैं। इसके अलावा नशे के खिलाफ कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। पुलिस की तरफ से गांव भी गोद लिए गए हैं। - सुरेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक फतेहाबाद।