टोहाना के थाना रोड से बाजार से सामान खरीदकर वापस जा रहे जननायक जनता पार्टी के विधायक देवेंद्र सिंह बबली की गाड़ी को किसानों ने घेर लिया। काफी देर तक किसान विरोधस्वरूप नारेबाजी करते रहे। विधायक ने डीएसपी बिरम सिंह को बुलाकर किसानों द्वारा गाड़ी को टक्कर मारने का आरोप लगाया।
इसी बीच किसान आक्रोशित होकर विधायक की तरफ बढ़ने लगे। इस पर विधायक भी भड़क उठे और उन्होंने एक युवक को धमकाना शुरू कर दिया। इसी बीच दूसरे किसानों ने नारेबाजी करते हुए विधायक को गालियां निकाली। किसानों ने विधायक की बेटी के बारे में भी अपशब्द बोले। बड़ी मुश्किल से डीएसपी बिरम सिंह व अन्य पुलिसकर्मियों ने बीचबचाव कर विधायक को वहां से भेजा। दोनों तरफ से हुए गाली-गलौच की वीडियो सोशल मीडिया में भी वायरल हुई है।
माफी नहीं मांगने पर दी रोड जाम की चेतावनी
इस घटनाक्रम के बाद किसान नेताओं ने हिसार रोड स्थित टाउन पार्क के पास बैठक करते हुए विधायक देवेंद्र सिंह बबली से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर बुधवार सुबह 9 बजे तक विधायक ने माफी नहीं मांगी तो उसके बाद चंडीगढ़ रोड को जाम कर दिया जाएगा।
किसान यूनियन के जिला प्रवक्ता रणजीत सिंह ने कहा कि तीन कृषि कानूनों के विरोध में किसानों ने एलान किया है कि जब तक कृषि कानून वापस नहीं होंगे, तब तक वे भाजपा-जजपा नेताओं के कार्यक्रम नहीं होंगे देंगे। उन्होंने बताया कि किसानों के पास सूचना आई कि विधायक सामान्य अस्पताल में आ रहे है तो वे मौके पर पहुंच गए, लेकिन विधायक कार्यक्रम में नहीं आए। इसी बीच किसानों के पास विधायक के शहर थाना के पास होने की जानकारी पहुंची तो वहां जाकर किसान प्रदर्शन करने लगे। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन करना किसानों का अधिकार है, जो संविधान ने दिया हुआ है। मगर विधायक ने अन्नदाता को गालियां देकर शर्मनाक काम किया है।
विधायक को पार्टी से निष्कासित करने की मांग
किसान नेताओं ने जननायक जनता पार्टी से विधायक देवेंद्र बबली को पार्टी से निष्कासित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि ऐसे विधायक के खिलाफ पार्टी को कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।
विधायक बोले, मैं भी किसान परिवार से हूं
इस पूरे मामले पर विधायक देवेंद्र सिंह बबली ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि वे अपने घर के लिए सामान खरीदने के लिए बाजार में गए थे। जब सामान खरीदने के बाद अन्य दुकान पर जाने लगे तो सामने से एक हरे रंग की गाड़ी में कुछ लोग आए, जिन्होंने अपनी गाड़ी उनकी गाड़ी के आगे लगाकर रास्ता ब्लॉक कर दिया। विधायक ने कहा कि उक्त लोगों ने गालियां देते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान जब किसानों के रूप में आए इन भेड़ियों को समझाने का प्रयास किया तो वे लोग नहीं माने, जिसके बाद वे स्वयं गाड़ी से उतर आए।
बबली ने कहा कि वे स्वयं किसान परिवार से संबंध रखते है, किसी के लिए गलत भाषा का प्रयोग नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि किसान के रूप में इन भेड़ियों को वे कहना चाहते है कि वे पिछले लंबे समय से किसी सार्वजनिक प्रोग्राम में नहीं जा रहे है, आज दिव्यांगजनों को वैक्सीन लगाने का कार्यक्रम होना था, उसमें भी विरोध के लिए पहुंच गए तो कार्यक्रम में नहीं गए। जब वे घर के लिए सामान खरीदने गए, उस समय भी विरोध किया गया, जो निंदनीय है।