कोरोना के नए वैरिएंट का खतरा, स्वास्थ्य विभाग ने किए रोजाना 1500 सैंपल लेने के आदेश जारी
अब सभी अस्पतालों में ओपीडी में आने वाली मरीजों की पहले कोरोना सैंपलिंग करवाएगा विभाग
फतेहाबाद। कोरोना संक्रमण के नए वैरिएंट को लेकर खतरा यहां भी सताने लगा है। स्वास्थ्य विभाग मुख्यालय ने सिविल सर्जन कार्यालय को कोरोना सैंपल बढ़ाने के आदेश दिए है और लक्ष्य भी निर्धारित कर दिया है। जिले में अब रोजाना स्वास्थ्य विभाग को 1500 सैंपल लेने होंगे। कोरोना की दूसरी लहर खत्म होने के बाद जिले में अभी फिलहाल 200 से 300 तक ही सैंपल लिए जा रहे है।
मुख्यालय से जिले में रोजाना डेढ़ हजार सैंपल लेने के आदेश जारी होने के बाद सिविल सर्जन कार्यालय ने वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारियों को सैंपलिंग बढ़ाने के निर्देश जारी कर दिए है। स्वास्थ्य विभाग उन सभी लोगों के सैंपल लेगा, जिन्हें बुखार, खांसी, गले में खराश आदि के लक्षण आ रहे है।
जिले में कोरोना संक्रमण की ये रही है स्थिति :
जिले में अब तक लिए गए कोरोना सैंपल - 334031
कोरोना पॉजिटिव मिले - 17838
कोरोना संक्रमितों की हुई मौत - 485
कोरोना संक्रमित हुए स्वस्थ - 17351
एक्टिव केस - 2
ओपीडी में आने वाले मरीजों लिए जाएंगे कोरोना सैंपल
नागरिक अस्पताल फतेहाबाद में ओपीडी में आने वाले मरीजों को कोरोना सैंपल देने के आदेश जारी हो रखे हैं लेकिन अभी इसकी पालना नहीं हो रही है। स्वास्थ्य विभाग अधिकारियों का कहना है कि मुख्यालय से आदेशों के बाद इस पर अब सख्ती होगी। जिले के सभी सरकारी अस्पतालों में मेडिसिन, डेंटल, ईएनटी आदि ओपीडी में आने वाले मरीजों के पहले कोरोना सैंपल करवाए जाएंगे। इसके अलावा स्कूलों में भी सैंपलिंग बढ़ाई जाएगी। हाल ही के दिनों में चार विद्यार्थी संक्रमित मिल चुके है। इसमें से फिलहाल दो एक्टिव भी है।
स्वास्थ्य विभाग मुख्यालय से आदेश आए हैं कि सैंपलिंग बढ़ाई जाए। रोजाना 1200 से 1500 तक सैंपल लिए जाएं। इसको लेकर सभी एसएमओ को पत्र जारी कर दिया गया है। लोगों से भी अपील है कि लक्षण दिखते हैं तो सैंपल जरूर दें।
- मेजर डॉ.शरद तुली, उप सिविल सर्जन