शहर के मॉडल टाऊन से अज्ञात चोर डाक्टर के घर से 15 तोले सोना और नगदी ले उड़े।
शनिवार सुबह सूचना मिलने पर एसएचओ दिनेश कुमार और बस स्टैंड चौकी प्रभारी कश्मीर सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। नजदीक लगे सीसीटीवी कैमरे से कुछ फुटेज भी मिले जिसके आधार पर डाक्टर परिवार छानबीन कर रहे हैं बताया जा रहा है कि चोरी की घटना को डाक्टर की पत्नी स्टाफ नर्स की सहेली ने अंजाम दिया है।
जानकारी के मुताबिक पंजाबी सभा अस्पताल के डाक्टर अमित आहुजा व सिविल अस्पताल में स्टाफ नर्स उनकी पत्नी आशा शुक्रवार को अपनी ड्यूटी पर चले गए।
इस दौरान दोपहर को अज्ञात चोर घर में घुसा और उसने अलमारी की चाबी उठाकर अलमारी में रखा 15 तोले सोना व 46 सौ रुपये की नगदी चुरा ली।
रात को जब दंपति ड्यूटी के बाद घर आए तो सामान बिखरा हुआ था। सामान बिखरा देख अलमारी खोलकर देखी तो उसमें रखा सोने के जेवर व कैश गायब था। चोरी हुए सामान में 3 गले के सेट, 3 जोड़ी टॉपस, रिंग, कड़े व लॉकेट गायब मिले। चोरी की घटना पता लगते ही आसपास के लोग भी इक्ट्ठे हो गए और पुलिस को सूचना दी।
सीसीटीवी कैमरे में घर में घुसते नजर आ रही है महिला:
चोरी की घटना के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। एक फुटेज में दोपहर के समय एक महिला घर के अंदर जाती हुई नजर आ रही है।
बताया जा रहा है कि जो महिला फुटेज में नजर आ रही है उसका डाक्टर के घर आना जाना है। करवा चौथ के दिन महिला डाक्टर के घर आई थी और उसने डाक्टर की पत्नी आशा को अलमारी में सोना रखते हुए देखा और मौका देखते ही सोने पर हाथ साफ कर लिया।
बस स्टैंड चौकी प्रभारी कश्मीर सिंह ने बताया कि चोरी की अभी तक लिखित शिकायत नहीं आई है। परिवार के लोग अभी अपने स्तर पर जांच कर रहे हैं।