हरियाणा के फतेहाबाद जिले के हिसार रोड पर एक होटल में बुधवार रात चल रहे देह व्यापार का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। मामले में आरोपी होटल संचालक, गुरुग्राम की युवती समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। भूना थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अनैतिक वेश्यावृत्ति अधिनियम के तहत केस दर्ज कर किया है। पुलिस ने गुरुवार को आरोपियों का मेडिकल करवाकर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया।
थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर कपिल सिहाग के मुताबिक हिसार रोड पर एचआर 20 रेस्टोरेंट एवं होटल में बुधवार रात देह व्यापार की शिकायत मिल रही थी। एसपी सुरिंद्र भोरिया के निर्देश पर छापा मारने के लिए थानाध्यक्ष ने टीम बनाकर होटल में कार्रवाई करने से पहले हेड कांस्टेबल संदीप कुमार को बोगस ग्राहक बनाकर भेजा, जिसको थानाध्यक्ष ने साइन करके 500 रुपये का नोट दिया था।
जैसे ही होटल संचालक ने बोगस ग्राहक से 500 रुपये लेकर कैश दराज में डाले तो हेड कांस्टेबल संदीप कुमार ने थानाध्यक्ष को इशारा कर दिया। इशारा मिलते ही थानाध्यक्ष के नेतृत्व की टीम ने होटल में पहुंचकर कमरों की तलाशी लेनी शुरू कर दी। जहां पर एक कमरे में तीन युवक व एक युवती आपत्तिजनक हालात में मिले। युवकों की पहचान गांव नाढोड़ी निवासी विष्णु, भूना निवासी राजेंद्र सिंह, गुराना निवासी सुरेंद्र सिंह के रूप में हुई है, जबकि युवती गुरुग्राम की है।
होटल संचालक सोनू गुराना को काबू करके उसकी कैश दराज में जांच की गई तो एसएचओ द्वारा साइन किया हुआ पांच सौ का नोट बरामद हो गया। पुलिस टीम को होटल में कई खामियां भी पाई गईं। होटल में न तो सीसीटीवी चालू थे और न ही ठहरने वालों के पहचान पत्र एवं रजिस्टर में नाम-पता दर्ज किए गए थे। टीम ने होटल में छापा मारकर देह व्यापार में लिप्त होटल संचालक एवं गांव गुराना निवासी सोनू सहित पांच लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
अनैतिक धंधा किसी भी सूरत में नहीं पनपने देंगे। भूना के होटल में वेश्यावृत्ति से संबंधित शिकायत मिली थी। थानाध्यक्ष भूना ने तुरंत कार्रवाई करके एक युवती सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। -अजायब सिंह, डीएसपी