हरियाणा के फतेहाबाद शहर के रतिया चुंगी पर युवक से पर्स छीनने के मामले में पुलिस ने महिला उसके प्रेमी और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। वारदात में शामिल महिला इशारा कर वाहन को रुकवाती थी। इसके बाद प्रेमी के साथ मिलकर लूटपाट के वारदात को अंजाम देती थी।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान बीघड़ रोड निवासी बबली, हिजरावां कलां निवासी वीरपाल कौर बीघड़ रोड निवासी रिंकू के रूप में हुई है। पूछताछ के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों से छीनी गई नकदी में से 1200 रुपये, चाकू और मोटरसाइकिल बरामद किया है। पुलिस की गिरफ्त में आई महिला वीरपाल कौर आरोपी रिंकू के साथ सहमति संबंध में रहती है।
तीनों ही नशा के आदी हैं। पकड़े गए आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। यहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला सड़क पर इशारा करके वाहन रुकवाती थी। इसके बाद चालक को नीचे बुला लेती थी। मौके पर उसका प्रेमी रिंकू व उसके साथी मौजूद होते थे। वह डरा-धमकाकर नकदी लोगों से छीन लेते थे।
पुलिस को रविवार को दी शिकायत में विकास ने बताया कि वह दिल्ली में एक कंपनी में काम करता है। 15 फरवरी को दोपहर दिल्ली से फतेहाबाद आया और रतिया चुंगी पर पहुंचा। यहां से जब वह घर जा रहा था तो इस दौरान मोटरसाइकिल पर महिला समेत तीन लोग आए और उसे रोककर चाकुओं से हमला कर दिया और पर्स छीन लिया। शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग गए। इसके बाद उसे अस्पताल में दाखिल करवाया गया। उसने अपने स्तर पर पता लगाया, जिसमें सामने आया कि उक्त आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया था।
छीनाझपटी मामले में तीन आरोपियों को पकड़ा गया है। इस मामले में महिला भी शामिल है। तीनों आरोपियों से नकदी और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और मोटरसाइकिल बरामद कर लिया है।
- एसआई जुगलाल, इंचार्ज गुरूनानकपुरा चौकी
इन आठ वारदात का किया खुलासा
- 13 फरवरी 2023 की रात एक ट्रक ड्राइवर को रोक कर 6000 रुपये छीने थे।
- 14 फरवरी 2023 को एक ट्रक रोक कर ट्रक ड्राइवर से तीनों ने रात्रि में 2500 रुपये छीने थे।
- 15 फरवरी 2023 को एक ट्रक को रोक कर ड्राइवर से 12000 रुपये छीने थे।
- फतेहाबाद के सीनियर मॉडल स्कूल के पास से एक मोटरसाइकिल चालक से 5000/- रुपये छीने थे।
- 16 फरवरी 2023 की रात्रि को पिकअप गाड़ी को रोक कर पिकअप गाड़ी के ड्राइवर से 5000 रुपये छीने थे।
- 17 फरवरी 2023 की रात एक मोटरसाइकिल रोक कर मोटरसाइकिल चालक से 2500 रुपये छीने थे।
- पिकअप गाड़ी को रोक कर पिकअप गाड़ी ड्राइवर से 5000 रुपये छीने थे।
- 18 फरवरी 2023 को एक ट्रक ड्राइवर से 31000 रुपये छीने थे।