हरियाणा के फतेहाबाद के गांव झलनियां में फेरी लगाकर सामान बेचने वाले उत्तर प्रदेश निवासी मुजफ्फरनगर जिले के गांव लुहारी खुर्द निवासी नवाब से नकदी छीनने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने नकली पिस्तौल दिखाकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों से नकली पिस्तौल और नकदी बरामद कर ली है।
मामले के मुताबिक 19 मार्च को गांव झलनियां में फेरी लगाकर जूसर मिक्सर बेचने वाले व्यक्ति से मोटरसाइकिल सवार तीन युवक मशीन खरीदने के बहाने गांव झलनियां से गांव ढाणी माजरा के रास्ते पर ले जाकर पिस्तौल दिखाकर नकदी छीनकर ले गए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर मोटरसाइकिल सवार तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए तीनों आरोपियों की पहचान विनोद उर्फ विकास निवासी भिरड़ाना, सीता राम उर्फ रामू व अजय पाल निवासी झलनियां के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों से छीने गए रुपये व वारदात में प्रयुक्त बाइक व नकली पिस्तौल भी बरामद कर ली है।
पिस्तौल दिखाकर नकदी छीनने के मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज तीनों आरोपियों को काबू कर लिया गया है। आरोपियों ने नकली पिस्तौल दिखाकर वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों से नकदी भी बरामद कर ली गई है।
- प्रहलाद राय, सदर थाना प्रभारी