हरियाणा के फतेहाबाद जिले के भूना क्षेत्र में ठेकेदार पंकज खुराना हत्याकांड में सीआईए टोहाना ने रिमांड के दौरान हत्यारोपी हरकर्ण से पूछताछ की। हत्यारोपी हरकर्ण ने सीआईए को बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद अपनी गर्लफ्रेंड के साथ हिमाचल प्रदेश के मनाली भाग गया था।
सीआईए टोहाना इंचार्ज साधु राम ने बताया कि हत्यारोपी को मंगलवार को न्यायालय में पेश करके जेल भेज दिया है। पुलिस रिमांड के दौरान हरकर्ण उर्फ कर्ण जाब्ताखेड़ा ने खुलासा किया है कि ठेकेदार पर सबसे ज्यादा गोली अमन मलिक शामलों कला ने चलाई थी।
आरोपी ने बताया कि मलिक उसका घनिष्ठ मित्र है। इसलिए ठेकेदार की हत्या को लेकर भूना के खैरी रोड पर जगजीत उर्फ जज के खेत में योजना बनाई गई थी। हत्या से पहले सुखा बुवान व प्रवीण उर्फ पिन्नी तथा दीपक उर्फ बिल्ला ने ठेकेदार पंकज खुराना की टोहाना रोड पर रेकी की थी, जिन्होंने ठेकेदार की क्रेटा कार के टायरों की हवा भी निकाल दी थी।
ठेकेदार के ऑफिस से चलने के बाद उसका मोटरसाइकिल लगाकर पीछा किया और गांव के नजदीक पहुंचने से पहले ही अंधाधुंध गोलियां चला कर उसकी हत्या कर दी थी। आरोपी ने बताया कि ठेकेदार की हत्या के बाद अमन मलिक के साथ पल्सर मोटरसाइकिल पर टोहाना भाग गए थे। पुलिस से बचने के लिए आरोपी ने अपना पुराना मोबाइल फोन व सिम भी नष्ट कर दिया था।
अमन मलिक दोस्त है इसलिए ठेकेदार की हत्या करने में हुआ शामिल
हरकर्ण उर्फ कर्ण जाब्ताखेड़ा ने पुलिस रिमांड के दौरान खुलासा किया है कि ठेकेदार के साथ उसकी कोई व्यक्तिगत रंजिश नहीं थी, लेकिन भांभू गैंग के सरगना विक्रम भांभू की अमन मलिक के साथ बहुत पुरानी दोस्ती है। अमन मलिक मेरा खास दोस्त है। दोस्त के कहने के बाद ही ठेकेदार की हत्या करने के लिए वह तैयार हुआ था। आरोपी ने बताया कि वह प्वाइंट 32 बोर का पिस्तौल व पांच कारतूस लेकर गया था। लेकिन उसने ठेकेदार पर दो गोलियां चलाई थी। पुलिस रिमांड की अवधि खत्म होने से एक दिन पहले की आरोपी को अदालत में पेश करके हिसार जेल भेज दिया है।
इनामी वांछित आरोपी हरकर्ण उर्फ कर्ण ने ठेकेदार की हत्या करने से संबंधित पूरी बात को कबूल किया है। आरोपी से प्वाइंट 32 बोर पिस्टल व तीन कारतूस तथा पल्सर मोटरसाइकिल भी जाब्ता खेड़ा से उसके घर से बरामद किया है।
-साधु राम, सीआईए इंचार्ज, टोहाना