गत दिनों नागपुर गांव के जलघर में क्लोरीन गैस के रिसाव से बीमार हुए लोगों में से चार लोगों की हालत बुधवार देर रात्रि फिर बिगड़ गई। उनको तुरंत ग्रामीणों ने रतिया के सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया। बुधवार रात रतिया अस्पताल में दाखिल हुए पीड़ितों में रूपा राम, महिला कमलादेवी, सुखजीत कौर और अमरजीत कौर शामिल हैं।
पीड़ितों ने बताया कि देर रात उन्हें फिर जी मचलाने और चक्कर आने की शिकायत हुई। इसके बाद तबीयत काफी बिगड़ गई। इस पर उनके परिजनों ने रतिया के सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया। एसएमओ विजय जैन का कहना है कि गैस के प्रभाव से अभी भी मरीजों का स्वास्थ्य बिगड़ जाता है। लेकिन प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है। उन्होंने बताया की गांव नागपुर में विभाग स्वास्थ्य कैंप लगातार चलाया जा रहा है तथा जिन मरीजों की हालत कुछ ज्यादा खराब होती है उन्हें रतिया भेज दिया जाता है। फिलहाल सभी मरीजों की हालत ठीक है ।