आजाद नगर निवासी बीजेपी नेता अंकुश राठी के घर से अज्ञात चोरों ने दिनदहाड़े 8 लाख रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित के अनुसार इसमें लगभग डेढ़ लाख कैश, सोने-चांदी के जेवर और कुछ अन्य सामान शामिल हैं। पुलिस ने मामले की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। चोरों ने इसी गली में स्थित एक अन्य मकान का ताला तोड़ने का भी प्रयास किया, लेकिन ताला न टूटने के कारण दूसरे घर में चोरी की वारदात को अंजाम नहीं दे सके।
जानकारी के अनुसार आजाद नगर निवासी अंकुश राठी ने बताया कि वह अपनी मां के इलाज के लिए बाहर गए थे। लौटने पर उसने मां को गेट के बाहर छोड़कर कहीं चला गया। जब उन्होंने गेटे खोला तो देखा कि घर का सारा सामान बिखरा हुआ था और अलमारियां और तिजोरियों की दराजें खुली हुई हैं। उन्होंने तुरत ही अंकुश को बुलाया और सारे मामले की जानकारी दी। अंकुश ने बताया कि देखा जाए तो लगभग आठ लाख का सामान गायब है। इसके बाद पीड़ित परिवार ने मामले की सूचना पुलिस को दी जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। दोपहर को पहुंची सीन ऑफ क्राइम की टीम ने मौके पर फिंगर प्रिंट्स और अन्य सबूत इकट्ठे किए। मामले की जांच करने के लिए पहुंचे एएसआई हरनेक सिंह ने कुछ भी कहने से इंकार कर दिया।
जांच में सामने आया है कि अज्ञात चोर दीवार फांदकर घर के अंदर घुसे थे और घर में घुसते ही आंगन में लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया। इतना ही नहीं, घटनास्थल की पड़ताल में सामने आया है कि चोरों ने लगभग 3-4 घंटे तक पूरे घर में उत्पात मचाया होगा। उन्होंने बताया कि रसोई में रखे फ्रिज से जूस और कोल्डड्रिंक की बोतलें भी बाहर खाली फेंकी पड़ी थी। उन्होंने प्रत्येक कमरे में जाकर तलाशी ली। स्थानीय निवासियों के अनुसार शनिवार सुबह गली में तीन अंजान लड़के गली में घूम रहे थे, लेकिन थोड़ी देर बाद वे तीनों लड़के गायब हो गए।
डेढ़ लाख की नकदी सहित लाखों का माल गायब, रसोई में रखा जूस और कोल्डड्रिंक भी पिया
बीजेपी नेता ने अंकुश बताया कि अज्ञात चोरों ने उसके घर से डेढ़ लाख नकद, 6 तोले के करीब सोने के जेवर, 20 तोले चांदी का सामान, 42 हजार कीमत का लैपटाप, 18 हजार कीमत के दो चश्मे, एक लाख कीमत की फीटेक, तीस हजार कीमत की घड़ी चुरा लिया है। इतना ही नहीं, घटनास्थल की पड़ताल के दौरान सामने आया है कि चोरों ने लगभग 3-4 घंटे तक पूरे घर में उत्पात मचाया। चोर पूरी तरह से निश्वित थे इसलिए उन्होंने घर की रसोई में रखी जूस और कोल्डड्रिंक की बोतलें भी पी। और प्रत्येक कमरे में जाकर तलाशी ली।
चार दिन में दूसरी बड़ी वारदात, गेहूं सहित गायब हुए ट्रक का भी नहीं लगा सुराग
बता दें कि पिछले चार दिन में टोहाना क्षेत्र में दो बड़ी चोरी की वारदातें हो चुकी हैं। दो दिन पहले मंडी में गेहूं से भरा ट्रक ही गायब हो गया था, उस मामले में भी अभी तक पुलिस के हाथ खाली हैं। ऐसे में लगातार दूसरी बड़ी चोरी की वारदात से पुलिस गश्त पर ही सवालिया निशान खड़े हो गए हैं।