टोहाना में विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायतकर्ता की शिकायत के आधार पर प्राइवेट कंपनी के मालिक सहित पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी करने एवं जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कर लिया है।
नहर कालोनी टोहाना निवासी बलजिंद्र सिंह पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने विदेश जाने के लिए चंडीगढ़ की एक कंपनी में आवेदन किया। कंपनी के मालिक मोहाली निवासी अरविंद आशटव, तनिशा आशटव, कार्तिक शुद, शिखा आहूजा, गरिमा ने उससे विदेश भेजने के नाम पर 10 लाख 20 हजार रुपये की राशि लेकर उन्हें वीजा संबंधी फर्जी कागजात सौंप दिए।
बलजिंद्र सिंह ने बताया कि जब उसने अपने स्तर पर आस्ट्रेलिया और इंडिया के दूतावास से पता किया तो उन्होंने बताया कि आपकी कोई फाइल व दस्तावेज यहां जमा नहीं हुए हैं। बलजिंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि जब उसने उन लोगों से रुपये वापस मांगे तो उन्होंने उसे जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने बलजिंद्र सिंह की शिकायत पर उक्त कंपनी के कर्मियों पर आईपीसी की धारा 406, 420, 506, 120बी के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।