फतेहाबाद के मॉडल टाऊन में उस समय हंगामा हो गया जब एक विवाहिता ने अपने ससुराल घर के सामने धरने पर बैठ गई। विवाहिता का अपने ससुरालीजनों के साथ विवाद की बात सामने आई है। मामले में काफी देर तक विवाहिता को महिला पुलिसकर्मियों ने समझाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं मानी। वहीं देर शाम नगर परिषद अध्यक्ष और वार्ड 14 की पार्षद ज्योति मेहता ने महिला को समझाया। बाद में विवाहिता पार्षद ज्योति के साथ घर चली गई।
इस मामले में महिला के ससुरालीजन घर को ताला लगाकर गायब हैं। मिली जानकारी के अनुसार बरवाला निवासी महिला की शादी एक साल पहले फतेहाबाद में मॉडल टाऊन निवासी नीतीश के साथ हुई थी। महिला का आरोप है कि उसके ससुरालीजन आए दिन उससे मारपीट करते रहते थे जिसके चलते वो अपने मायके चली गई थी। शनिवार को दोनों पक्षों की पंचायत थी जो सिरे नहीं चढ़ सकी। लेकिन इस मामले में पंचायत के विफल रहने पर महिला ने अपने मायके जाने की बजाए अपने ससुराल जाने की जिद पकड़ ली और मॉडल टाऊन में कोठी के आगे धरना देकर बैठ गई।
बताया गया है कि महिला के धरना देने के चलते उसके ससुरालजन कोठी को ताला लगाकर चले गए। शनिवार सांय पुलिस को इस मामले का पता चला तो पहले बस स्टैंड चौकी कर्मचारी मौके पर पहुंचकर विवाहिता को समझाने का प्रयास किया। इसके बाद मौके पर पहुंचे सिटी एसएचओ सुरेंद्र कंबोज और महिला थाने की एएसआई दामोद ने भी काफी देर तक महिला को समझाने का प्रयास किया लेकिन महिला नहीं मान रही थी। बाद में विवाहिता पार्षद ज्योति के साथ घर चली गई।