फतेहाबाद के टोहाना शहर की मास्टर कॉलोनी में ठेकेदार ने तीनों को बिजली का काम करने के लिए निगम के जेई परमजीत के पास छोड़ रखा है। गुरुदेव काम करने के लिए बिजली के पोल पर चढ़ा तो चार नंबर लाइन की चपेट में आने से करंट लग गया।
फतेहाबाद के टोहाना शहर की मास्टर कॉलोनी में एलटी लाइन बदलने के दौरान करंट आने से ठेकेदार के एक कारिंदे की मौत हो गई। हिसार जिले के उकलाना क्षेत्र के गांव सुरेवाला निवासी गुरदेव सिंह उकलाना खण्ड के वार्ड नम्बर 4 से ब्लॉक समिति सदस्य भी था। उसका दिल्ली पुलिस का एग्जाम भी क्लियर हो चुका था।
विज्ञापन
बिजली निगम के जेई परमजीत व लाइनमैन भूपेन्द्र के खिलाफ केस दर्ज
पुलिस ने सुरेवाला के रहने वाले संदीप कुमार के बयान पर कार्रवाई करते हुए बिजली निगम के जेई परमजीत व लाइनमैन भूपेंद्र के खिलाफ धारा 304a के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दिए बयान में हिसार के गांव सुरेवाला निवासी संदीप कुमार ने बताया कि वह, मनोज कुमार तथा मृतक गुरुदेव सिंह कन्ह्डी के रहने वाले ठेकेदार बिंदर के पास बिजली का काम करते हैं।
हिसार के गांव सुरेवाला क्षेत्र के वार्ड 4 से ब्लॉक समिति सदस्य था मृतक 29 वर्षीय गुरदेव
ठेकेदार ने तीनों को बिजली का काम करने के लिए निगम के जेई परमजीत के पास छोड़ रखा है। 21 मार्च को उसके पास काम करने के लिए फोन आया, जिसके बाद वह मनोज व गुरुदेव के साथ जेई परमजीत के कहने पर निगम का काम करने के लिए मास्टर कॉलोनी में गया। जहां लाइनमैन भूपेंद्र सिंह ने उसे मौके पर बुलाया और कहा कि यहां एलटी लाइन बदलने का काम करना है।
बिजली निगम के जेई परमजीत व लाइनमेन की लापरवाही से हादसा हुआ
जब गुरुदेव सिंह ने लाइनमैन भूपेंद्र से पूछा कि कौन सी लाइन पर काम करना है तो उसने कहा कि छह नंबर लाइन पर काम करना है, तो उन्होने कहा कि छह नंबर लाइन को बंद करवा दो। जिसके बाद लाइनमैन भूपेंद्र ने जेई परमजीत को फोन करके 6 नंबर लाइन बंद करवा दी लेकिन जैसे ही गुरुदेव काम करने के लिए बिजली के पोल पर चढ़ा तो चार नंबर लाइन की चपेट में आने से करंट लग गया और बिजली के पोल पर लगे चैनल में गिर गया। उसे नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने कहा कि बिजली निगम के जेई परमजीत व लाइनमेन की लापरवाही से हादसा हुआ है। पुलिस ने निगम के जेई व लाईनमैन के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है। इस बारे में शहर थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि संदीप कुमार के बयान पर निगम के जेई व लाइनमैन के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जो भी जांच में सामने तथ्य आएगा, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।