फतेहाबाद में एंटी नारकोटिक्स टीम ने गांव धांगड़ के पास सियाज कार सवार तीन युवकों को 400 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा है। पकड़े गए तीनों युवक गुरुग्राम से 400 ग्राम हेरोइन लेकर आ रहे थे। पकड़े गए आरोपी युवकों की पहचान फतेहाबाद के अग्रसैन कॉलोनी निवासी अकबर उर्फ गोलू, ठाकर बस्ती निवासी ध्रुव कुमार उर्फ आलोक, भोड़िया खेड़ा निवासी रविंद्र उर्फ रवि के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी तस्करों ने बताया है कि इस हेरोइन को लाने के लिए खैरातीखेड़ा निवासी अमरजीत सिंह ने 2.50 लाख रुपये दिए थे।
नशा तस्कर जिस गाड़ी में पकड़े गए है वह रतिया के शक्ति नगर निवासी व्यक्ति के नाम पंजीकृत बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है कि गाड़ी मालिक भी कहीं इसमें शामिल तो नहीं है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पकड़े गए आरोपी तस्कर अकबर के खिलाफ पहले भी मामला दर्ज है। इसके अलावा एक सोर्स का नाम भी आया है जिसके खिलाफ एनडीपीएस के 9 मामले दर्ज है।
नशे के खिलाफ पुलिस की मुहिम चल रही है, इसी के तहत एंटी नारकोटिक्स टीम का दोबारा गठन किया गया है। इसमें नई टीम तैयार की गई है। टीम ने मंगलवार को 400 ग्राम हेरोइन के साथ तीन युवकों को पकड़ा है। पकड़ी गई हेरोइन की कीमत करीब 30 से 35 लाख रुपये की बताई जा रही है। पकड़े गए आरोपियों को कोर्ट में पेश करके रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान पूछताछ की जाएगी। - सुरेंद्र सिंह भौरिया, पुलिस अधीक्षक