अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। सीआईए की टीम ने नेशनल हाइवे पर बीघड़ मोड़ के पास चार युवकों को 1.37 लाख के पांच-पांच सौ के नकली नोट के साथ पकड़ा। मंगलवार देर रात को चारों युवक स्विफ्ट कार से आ रहे थे। उनके पास से पांच सौ ग्राम अफीम भी बरामद हुई है। स्कैन करके हू-ब-हू बनाए गए नकली नोटों को युवक फतेहाबाद, रतिया के बाजार, पेट्रोल पंप और शराब ठेकों में चलाने की फिराक में थे। युवकों की पहचान संदीप उर्फ सिया निवासी खोखर ढाणी (रतिया), रामू उर्फ रामरख निवासी अशोक नगर, बलविन्द्र उर्फ बिन्दू निवासी वार्ड 7 फतेहाबाद और गुरपाल सिंह उर्फ हैप्पी निवासी एमपी सोतर के रूप में हुई है। पुलिस ने चारों के खिलाफ केस दर्ज करके बुधवार को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने आरोपियों को चार दिन की रिमांड पर भेज दिया।
डीएसपी रविन्द्र तोमर ने बताया कि सीआईए पुलिस की टीम मंगलवार रात को बीघड़ रोड पर गश्त पर थी। पुलिस की गाड़ी को देखकर एक स्विफ्ट कार वापस जाने लगी। पुलिस ने गाड़ी का पीछा करके रुकवाया। इसके बाद गाड़ी की तलाशी ली तो गाड़ी से एक लाल डिब्बे में 500 ग्राम अफीम बरामद हुई। जब पुलिस ने युवकों की तलाशी ली तो संदीप की जेब से 500-500 के 58 नकली नोट, रामू की जेब से 500-500 के 59, बलविन्द्र की जेब से 500-500 के 87 तथा गुरपाल की जेब से 500-500 के 70 नकली नोट बरामद हुए। युवकों से पकड़ी गई यह नकली राशि 1 लाख 37 हजार रुपये बनती है। सीआईए थाने में मामला का खुलासा करते हुए डीएसपी ने बताया कि आरोपी यह नकली करेंसी दूसरी जगह से लेकर आए थे। सभी युवकों के पास जो नोट मिले हैं वह एक ही सीरीज के हैं। इन नोटों को स्कैन करके तैयार किया गया था। पूछताछ में युवकों ने बताया है कि वह डेढ़ माह से नकली नोटों के धंधे में आए हैं। यह लोग इन नोटों से डबल मुनाफा कमाने की फिराक में थे और इन नोटों को रतिया, फतेहाबाद के बाजारों, पेट्रोल पंपों और शराब के ठेकों पर चलाना चाहते थे। उन्होंने बताया कि उक्त आरोपी अफीम राजस्थान के चित्तौड़गढ़ से लेकर आए हैं। पूछताछ में दो और लोगों के नाम सामने आए हैं। वहीं इनमें एक आरोपी बलविन्द्र के खिलाफ मारपीट और स्मैक के तीन मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने चारों आरोपियों को बुधवार को अदालत में पेश करके रिमांड की मांग की। अदालत ने चारों को चार दिन के पुलिस रिमांड पर पुलिस के हवाले कर दिया।