अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। फतेहाबाद शहर में कानून व्यवस्था कितनी लचर होती जा रही है, इसका एक उदाहरण सोमवार सुबह देखने को उस समय मिला जब सरेआम बस स्टैंड चौकी से सौ मीटर दूर खुशी राम पेट्रोल पंप के पास कुछ हथियारबंद युवकों ने एक युवक विनोद निवासी कुम्हारिया पर कातिलाना हमला कर दिया। लगभग आठ दस की संख्या में युवकों ने अपने हाथ में लाठी डंडे और कापे लेकर आए थे और युवक के सिर व हाथ में गहरी चोटें आई हैं।
नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन कुम्हारिया निवासी विनोद कुमार ने बताया कि उसकी अग्रोहा में कपड़े की दुकान है। सोमवार सुबह वह यहां सिनेमा में फिल्म देखने के लिए आया था। वह बस स्टैंड से सिनेमा जा रहा था कि खुशी राम पेट्रोल पंप के पास अचानक कुछ लोगों ने उस पर हमला कर दिया। तेजधार हथियार से उसके सिर, टांग व बाजू पर हमला किया। हमलावरों की संख्या करीब 10 थी। उसमें से वह दो लोगों को को पहचानता है, वह गांव कुकड़ावाली के हैं, लेकिन उनकी कोई दुश्मनी नहीं है। उसने बताया कि वो एक युवक के पास कुछ देर के लिए रुका था और इस बीच उस पर हमला हो गया। विनोद का कहना है कि संभवत: हमलावर उस दूसरे लड़के को मारने आए थे, लेकिन उसे उसका साथी समझकर उस पर भी हमला कर दिया। इस बारे में आईओ सतीश कुमार ने बताया कि मामले की जांच चल रही है।