फतेहाबाद। जिला परिषद की पहली बजट बैठक सोमवार को चेयरपर्सन सुमन खिचड़ की अध्यक्षता में हुई। पहले ही बैठक में पार्षदों की गुटबाजी पूरी तरह हावी रही। गांवों में ई-लाइब्रेरी, इंडोर जिम व महिला सांस्कृतिक सदन बनाने के एजेंडे को लेकर तो पार्षदों व अधिकारियों में बहस हो गई। पार्षदों ने एकबारगी एजेंडे को पेंडिंग रखने की बात कही तो सीईओ कुलभूषण बंसल ने कह डाला कि यह परंपरा गलत है, ऐसा नहीं होना चाहिए। इसके अलावा सदन में पांच अन्य एजेंडे भी हल्की-फुल्की बहस के बाद पास कर दिए गए। बैठक से पहले बबली गुट के पार्षदों ने रेस्ट हाउस में बैठक की, जिसमें पंचायत मंत्री देवेंद्र बबली के भाई विनोद बबली भी शामिल रहे।
बैठक में पार्षदों के साइन बोर्ड लगवाने के एजेंडे को ध्वनि मत से पास कर दिया गया। 15वें वित्त आयोग से मिली 91 लाख ग्रांट को सभी पार्षदों को पांच-पांच लाख रुपये देने पर सहमति बनी। गांवों में ई लाइब्रेरी, महिला सांस्कृतिक केंद्र व इनडोर जिम के लिए आई 13 करोड़ 44 लाख की राशि पर पार्षदों ने हंगामा मचाया। उन्होंने कहा कि जब टेंडर ही हो चुके हैं, तो इसे एजेंडे में रखने का क्या फायदा। विधायक दुड़ाराम ने भी कहा कि जब टेंडर हो गए तो एजेंडे में क्यों रखा। पार्षद बंटी गढ़वाल ने कहा कि पहले ही तीन साल से खेलों का सामान सड़ रहा है, अब यह पैसा और व्यर्थ जाएगा, क्योंकि इसका कोई रखवाला ही नहीं होगा। सभी ने इस एजेंडे को पेंडिंग रखने को कहा। सीईओ ने उनको बताया कि यह टेंडर जिला परिषद चुनाव से पहले हो चुके हैं, लेकिन पार्षद नहीं माने। इस पर सीईओ उखड़ गए और बोले कि यह गलत परंपरा है, ऐसा नहीं होना चाहिए। पार्षदों को बताया गया कि जो ग्रांट आई है, उसमें 6 करोड़ 73 लाख को अगर इसी वित्त वर्ष में नहीं लगाया तो लैप्स हो जाएंगे। राशि लैप्स होता देखकर सभी ने इस एजेंडे को भी पास कर दिया।
बैठक में तीन पार्षद नदारद रहे। बैठक में फतेहाबाद के विधायक दुड़ाराम व रतिया के विधायक लक्ष्मण, चेयरपर्सन सुमन खिचड़ व वाइस चेयरपर्सन कैलाशो देवी के अलावा वार्ड एक से राकेश चोयल, वार्ड दो से पूजा, वार्ड चार से सीमा रानी, वार्ड सात से बंटी गढ़वाल, वार्ड आठ से प्रवीन कुमार, वार्ड नौ से बेअंती, वार्ड 10 से वकील राम, वार्ड 11 से अंजू बाला, वार्ड 12 से गगन कुमार, वार्ड 13 से सीमा रानी, वार्ड 15 से मंजू, वार्ड 17 से अनूप कुमार, वार्ड 18 से परमजीत कौर मौजूद रही। वार्ड तीन के पार्षद गौरव शर्मा, वार्ड पांच के पार्षद बिंदर पाल व वार्ड 14 के पार्षद रामनिवास झाझड़ा बैठक से गैरहाजिर रहे।
जिला परिषद भवन के सुधारीकरण का रहा पहला एजेंडा
बैठक में पहला एजेंडा जिला परिषद भवन के सुधारीकरण का था। जिस पर वार्ड सात के जिला पार्षद बंटी गढ़वाल ने कहा कि पंचायत भवन में भी जिला परिषद का कार्यालय है, क्या आगे से उसका सुधारीकरण करके उसमें आगामी बैठक नहीं की जा सकती। इस पर विधायक दुड़ाराम ने कहा कि दोनों ही भवनों का सुधारीकरण कर दिया जाए। जिस पर सभी पार्षदों ने सहमति जता दी। इसके बाद जिला परिषद अध्यक्ष की कंडम गाड़ी को छोड़कर नई गाड़ी लेने के बारे में एजेंडा रखा गया तो वार्ड 12 के पार्षद गगन ने सवाल उठाया कि जब सभी के पास अपनी गाड़ी है, तो नई गाड़ी लेने की क्या आवश्यकता। वार्ड 17 के पार्षद अनूप कुमार ने भी कहा कि क्या यह गाड़ी जिला परिषद की ग्रांट से ली जाएगी तो सीआईओ कुलभूषण बंसल ने बताया कि सरकार द्वारा गाड़ी जिला परिषद अध्यक्ष को दी जाती है, इसमें ग्रांट को कोई फर्क नहीं पड़ेगा, जिस पर सभी पार्षदों ने सहमति जता दी।
अध्यक्ष को डीडी पावर देने पर एक बार नाराजगी, फिर दे दी मंजूरी
बैठक में बड़ा मसला जिला परिषद अध्यक्ष को डीडी पावर देने का रहा। विरोधी पार्षद पहले ही इसका विरोध जता चुके हैं। सीईओ ने कहा कि अगर मार्च महीने तक कोई ग्रांट आती है और उसे कहीं लगाना है तो क्या इसके लिए चेयरपर्सन के हस्ताक्षर सभी को मंजूर हैं। इस पर बंटी गढ़वाल ने एकबारगी नाराजगी जताई, लेकिन जब पता चला कि ग्रांट लैप्स हो सकती है तो सभी सदस्यों ने हामी भर दी। ज्ञात रहे कि रेस्ट हाउस में एकत्रित हुए सभी पार्षदों ने डीडी पावर को लेकर विरोध करने का फैसला लिया था, फिलहाल मार्च के अंतिम माह तक डीडी पावर जिला परिषद की चेयरपर्सन के पास ही रहेगी।
उधर, बबली पक्ष के पार्षदों ने पहले की रेस्ट हाउस में बैठक
बबली गुट के पार्षदों वार्ड नंबर-चार की सीमा रानी, वार्ड नंबर सात के बंटी गढ़वाल, वार्ड नंबर-12 के गगन सिंह, 13 की सीमा रानी, 15 की मंजू रानी, 17 के अनूप कुुमार व 18 की परमजीत कौर ने रेस्ट हाउस में गुप्त मीटिंग की। इस मीटिंग मेंं चेयरपर्सन को डीडी पावर न देने, जिला परिषद कार्यालय के सुधारीकरण व जिप चेयरपर्सन को नई गाड़ी देने का विरोध करने का निर्णय लिया गया था, लेकिन हाउस में ऐसा नहीं हो पाया।