फतेहाबाद। रतिया क्षेत्र की एक युवती ने गांव के ही एक युवक पर उससे बार-बार दुष्कर्म करने व उसकी गलत वीडियो अपने पास रखने का आरोप लगाया है। उसकी शिकायत पर जिला पुलिस ने युवक के खिलाफ दुष्कर्म, जान से मारने की धमकी देेने व आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में रतिया क्षेत्र के एक गांव की युवती ने बताया कि गांव का ही एक युवक उसके साथ पढ़ता था। 2018 में उनकी आपस में बातचीत होनी आरंभ हो गई और युवक उसे शादी का झांसा देकर उससे दुष्कर्म करता रहा। साल 2021 में युवक जर्मनी चला गया। यहां भी उससे बातचीत होती रही। आरोप है कि युवक ने वहां से फोन पर उसकी वीडियो मांगी और उसने विश्वास में उसे वीडियो भेज दी। युवती के अनुसार युवक 2022 में वापस गांव आया और फतेहाबाद के एक होटल पर लाकर उससे दुष्कर्म किया। उसने जब उससे शादी करने को कहा तो उसके बाद से युवक उसे इग्नोर करने लगा और जान से मारने की धमकी देने लगा। उसकी वीडियो भी युवक के पास है। युवती ने इसके बाद अब 16 फरवरी को पुलिस को शिकायत दी है। फतेहाबाद की साइबर क्राइम पुलिस ने युवती की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।