मामले की जांच करने पहुंची पुलिस।
- फोटो : Fatehabad
रतिया। शहर के वार्ड नंबर 15 स्थित एम्पलाइज कॉलोनी में बिजली चोरी पकड़ने गई बिजली निगम के जेई व अन्य कर्मचारियों की टीम के साथ मकान मालिक व उसके सहयोगियों ने झगड़ा किया और उन पर हमला बोल दिया। बिजली निगम कर्मचारियों की टीम ने बड़ी मुश्किल से मौके से भाग कर अपनी जान बचाई। इस संबंध में पुलिस ने एसडीओ की शिकायत पर वार्ड नंबर 15 निवासी जगदीप सिंह व उसके छह सहयोगियों के खिलाफ मारपीट करने और सरकारी काम में बाधा पहुंचाने का केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में एसडीओ आनंद प्रकाश ने बताया कि बिजली निगम को गुप्त सूचना मिली थी कि वार्ड नंबर 15 की एम्पलाइज कॉलोनी में एक व्यक्ति द्वारा सीधी तार लगाकर कुंडी के जरिये बिजली चोरी की जा रही है। जिस पर जेई धर्मचंद, फोरमैन विजेंद्र कुमार, ड्राइवर शेरसिंह व अन्य कर्मचारियों की टीम एम्पलाइज कॉलोनी में पहुंच गई और उन्होंने जब मौके पर देखा तो जगजीप सिंह द्वारा बिजली की तार में कुंडी लगाकर चोरी की जा रही थी। जिस पर कर्मचारियों ने कुंडी की वीडियोग्राफी करनी शुरू कर दी। जब कर्मचारी वीडियोग्राफी कर रहे थे, तो उसी समय मकान मालिक जगदीप व उसके साथ आए अन्य लोगों व महिलाओं ने बिजली निगम की टीम के साथ मारपीट शुरू कर दी। बिजली निगम की टीम ने बड़ी मुश्किल से वहां से भाग कर अपनी जान बचाई। इसके बाद एसडीओ द्वारा पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जानकारी ली। शहर थाना प्रभारी रूपेश चौधरी ने बताया कि एसडीओ की शिकायत पर मारपीट करने व सरकारी ड्यूटी में बाधा पहुंचाने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी टेकचंद को जांच सौंपी गई है।