फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में विशेषज्ञ की ओपीडी के बाहर लगी मरीजों की भीड़।
फतेहाबाद। प्रदेश के कई जिलों में कोरोना केस सामने आने के बाद फतेहाबाद स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट हो गया है। मंगलवार को तीन माह बाद जिले में कोरोना के 20 आरटीपीसीआर सैंपल लिए गए हैं। इन सैंपलो को जांच के लिए अग्रोहा मेडिकल लैब में भेजा गया है। जिला आरटीपीसीआर लैब में जांच किट न होने के चलते तीन माह से सैंपलिंग बंद थी। हालांकि अभी तक यहां पर किट नहीं आई है। इसके चलते सैंपल जांच के लिए अग्रोहा लैब में भेजे जाएंगे।
स्वास्थ्य विभाग ने पांच हजार जांच किट और बजट की डिमांड की है। बजट मिलता है तो वह विभाग फील्ड में कोरोना सैंपलिंग बढ़ाएगा। जिले में अब तक कोरोना के 428395 सैंपल लिए जा चुके है। इसमें 20258 कोरोना केस मिले। इसमें 503 कोरोना संक्रमितों की मौत हुई थी। कोरोना जांच को लेकर जिले को 300 रेपिड एंटीजन किट भी मिल गई है। इमरजेंसी में इन किट से कोरोना जांच की जाएगी। ये किट करीब 6 माह से खत्म थी। अहम बात यह है कि रेपिड एंटीजन से 20 मिनट में कोरोना जांच रिपोर्ट मिल जाएगी।
जिले में अब तक ये कोरोना संक्रमण की स्थिति
क्षेत्र केस मिल चुके
फतेहाबाद 5260
टोहाना 2646
रतिया 3565
भट्टूकलां 3293
बड़ोपल 1237
भूना 2565
जाखल 1692
वायरल मरीजों के विभाग लिए जाएंगे कोरोना सैंपल
कोरोना सैंपलिंग को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों को निर्देश जारी कर दिए हैं। विशेषज्ञ की ओपीडी में अगर बुखार, खांसी, जुकाम का मरीज आता है तो उसके कोरोना सैंपल लिए जाएंगे। फ्लू कॉर्नर दोबारा से एक्टिव करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
कोट
जिले में कोरोना आरटीपीसीआर सैंपलिंग शुरू कर दी गई है। जांच किट न होने के चलते सैंपल अग्रोहा मेडिकल लैब में भेजे जा रहे हैं। हालांकि जिले को रेपिड एंटीजन किट भी मिल गई है।
- मेजर डॉ. शरद तुली, उप सिविल सर्जन