गांव सनियाना के पास सिरसा-चंडीगढ़ स्टेट हाईवे पर शनिवार रात करीब साढ़े 10 बजे भाखड़ा की फतेहाबाद ब्रांच नहर में एक कार गिर गई। कार में सवार भूना के अफसर कॉलोनी के एक युवा दंपती अपने ढाई वर्षीय बेटे के साथ नरवाना से भूना की तरफ आ रहे थे। हादसे में कार चालक बच गया लेकिन बच्चे की मौत हो गई जबकि महिला अभी लापता है। कार चालक के अनुसार नींद की झपकी आने से हादसा हुआ है तो वहीं पुलिस ने महिला के मायके वालों की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार भूना के अफसर कॉलोनी निवासी मनोज कुमार सोनी अपनी पत्नी सुमन सोनी व ढाई वर्षीय बेटा बीर सोनी के साथ अपने ससुराल से शनिवार रात लौट रहा था। जब वह गांव सनियाना के पास सिरसा-चंडीगढ़ स्टेट हाईवे पर पहुंचा तो कार अचानक भाखड़ा नहर में गिर गई। वहां से गुजर रहे वाहन चालकों व आसपास के लोगों ने कार में फंसे लोगों को बचाने का प्रयास किया। कार चालक मनोज सोनी पानी से बाहर निकल कर आ गया। परंतु उसकी 30 वर्षीय पत्नी सुमन सोनी व ढाई वर्षीय बेटा बीर सोनी नहर में पानी के तेज बहाव में बह गए। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी अजायब सिंह व थानाध्यक्ष कपिल कुमार सिहाग मौके पर पहुंचे। कार चालक मनोज कुमार सोनी को पीसीआर की गाड़ी सीएचसी भूना लेकर पहुंची। प्राथमिक उपचार के बाद उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, उसे रविवार सुबह छुट्टी मिल गई। वहीं पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को भाखड़ा नहर से बाहर निकाला। विवाहिता सुमन सोनी व ढाई वर्षीय बच्चे की तलाश को लेकर गोरखपुर के डुम्मावाले पुल पर लोहे का झाल लगाया गया। झाल में फंसने के कारण रविवार को बच्चे का शव बरामद हो गया। जबकि सुमन की तलाश चल रही है। रविवार को सीन ऑफ क्राइम टीम इंचार्ज डॉ. जोगिंदर सिंह ने मौके पर पहुंचकर कार के हर एंगल से जांच की गई।
मनोज बोला- नींद की झपकी आने से हुआ हादसा
अफसर कॉलोनी भूना निवासी मनोज कुमार सोनी ने बताया कि शनिवार रात करीब आठ बजे अपनी ससुराल बाबा कुंडी कॉलोनी रेलवे स्टेशन नरवाना गया हुआ था। घर पर निर्माण कार्य चल रहा था। इसलिए खाना खाकर रात दस बजे वापस पत्नी सुमन सोनी व बेटे बीर सोनी के साथ अपनी कार लेकर चला था। घर के निर्माण कार्य हेतु आर्थिक मदद को लेकर सुसर धर्मपाल सोनी से एक लाख रुपये भी ली थी। नरवाना से चलते ही सुमन अगली सीट पर गहरी नींद में सो गई थी। बेटा उसके पेट पर लेटा हुआ था। परंतु साढ़े दस बजे के लगभग जैसे ही उनकी कार सनियाना गांव में भाखड़ा नहर के निकट पहुंची तो उसे नींद की झपकी आ गई। इस कारण अचानक कार नहर में जा गिरी। हालांकि घटना के चंद मिनट बाद ही वह नहर से सुरक्षित बाहर आ गया। उसकी पत्नी व उसका मासूम बच्चा पानी के तेज बहाव के साथ बह गए। उनकी मदद कर रहे एक व्यक्ति के मोबाइल से मनोज सोनी ने अपने छोटे भाई राहुल सोनी को हादसा हो जाने की सूचना दी। सूचना मिलते ही भूना से दर्जनों की संख्या में लोग मौके पर पहुंचे।
विवाहिता के पिता का आरोप, योजनाबद्ध तरीके से हत्या
बाबा कुंडी कॉलोनी रेलवे स्टेशन नरवाना निवासी धर्मपाल सोनी ने पुलिस में शिकायत देकर आरोप लगाया है कि उसकी बेटी की शादी वर्ष 2011 में भूना निवासी ओमप्रकाश के बेटे मनोज सोनी के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद से ही उसकी बेटी को ससुरालजनों ने प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। उसकी बेटी अपना घर बसाने के लिए घरेलू हिंसा व मारपीट झेलती रही। सुमन को तंग करने व मारपीट को लेकर रिश्तेदारी स्तर पर कई बार ससुरालजनों को समझाया गया था। मगर सुमन की सास सुशीला, देवर राहुल, ससुर ओम प्रकाश व पति मनोज सोनी प्रताड़ित करते रहे। उन्होंने बताया कि शनिवार की रात को मनोज सोनी घर बनाने के नाम पर एक लाख रुपये नकद लेकर आया था। उसकी बेटी को एक मारने के लिए योजनाबद्ध तरीके से एक्सीडेंट किया गया है।
तीन बच्चों की मां थी सुमन
विवाहिता सुमन सोनी की शादी दस साल पहले हुई थी। इस दौरान सुमन ने तीन बच्चों को जन्म दिया, जिनमें 8 वर्षीय बेटी डिंपल व 6 वर्षीय बेटा सावन तथा ढाई वर्षीय बेटा बीर सोनी शामिल थे। मगर शनिवार की रात को ढाई वर्षीय बीर सोनी भाखड़ा नहर के पानी के तेज बहाव में बह गया। उसका शव रविवार को गांव गोरखपुर के पास बरामद हो गया है। पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल फतेहाबाद भेज दिया।
कोट
पुलिस ने विवाहिता सुमन सोनी के पिता धर्मपाल की शिकायत पर पति मनोज सोनी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस व ग्रामीण भाखड़ा नहर में सुमन सोनी की तलाश कर रहे हैं। बच्चे का शव गोरखपुर के पास नहर से बरामद हो गया है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच बारीकी से कर रही है। जांच में जो भी तथ्य व सबूत सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-कपिल कुमार सिहाग, थाना प्रभारी, भूना।
नहर से निकाली कार की जांच करते फोरेंसिक एक्सपर्ट।- फोटो : Fatehabad