फतेहाबाद। ममेरी बहन को जच्चा-बच्चा का टीकाकरण कार्ड देकर वापस लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। युवक मोटरसाइकिल पर आ रहा था और रतिया रोड पर अज्ञात गाड़ी ने टक्कर मार दी। मामले में शहर पुलिस ने मृतक विष्णु के चाचा भजन लाल की शिकायत पर अज्ञात गाड़ी चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले में पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिवार को सौंप दिया।
मामले के मुताबिक हिसार के गांव खैरमपुर निवासी भजन लाल ने बताया कि उसके भाई का लड़का विष्णु सोमवार शाम को अपने मोटरसाइकिल पर मामा की लड़की को गांव भूथनकलां में जच्चा-बच्चा के टीकाकरण कार्ड को देने के लिए गया था। जब वापस भूथनकलां से अपने मामा के पास गांव बीघड़ जा रहा था तो रतिया रोड पर पुल के पास तेज रफ्तार गाड़ी ने टक्कर मार दी। राहगीरों ने एंबुलेंस कंट्रोल रूम में फोन किया और अस्पताल में पहुंचाया। यहां पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।