फतेहाबाद। नशा तस्करी करने के आरोप में एंटी नारकोटिक्स पुलिस सेल की टीम ने गश्त के दौरान एक युवक को 510 ग्राम अफीम सहित गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान कुलदीप उर्फ कालिया निवासी पिरथला के रूप में हुई है। भूना थाना में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एंटी नारकोटिक्स सेल फतेहाबाद की टीम गश्त के दौरान भूना-टोहाना रोड पर गांव बुआन के पास नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गांव ठरवी की ओर से मोटरसाइकिल पर आ रहे युवक को पुलिस ने जब रुकने का इशारा किया तो बाइक सवार युवक घबरा गया और बाइक को मोड़ने लगा। पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए उसे काबू कर लिया और तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 510 ग्राम अफीम बरामद हुई। आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत नामजद कर गिरफ्तार किया गया।