भूना। भूना- हिसार रोड पर गांव बैजलपुर के पास स्कूटी व ट्रक के आमने-सामने की भिड़ंत में पंजाब नेशनल बैंक के स्पेशल असिस्टेंट की मौत हो गई। घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने सिर में गंभीर चोट लगने के कारण तुरंत शाम पौने 6 बजे डायल 112 पर एंबुलेंस की मदद की गुहार लगाई। एंबुलेंस एक्सीडेंट की सूचना पर घटना स्थल पर तुरंत पहुंची और उसे सीएचसी केंद्र भूना में दाखिल कराया।
चिकित्सकों ने जांच के बाद स्कूटी सवार को मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार शुक्रवार की देर शाम को पंजाब नेशनल बैंक नहला के स्पेशल असिस्टेंट 53 वर्षीय राजेश शर्मा पुत्र मोलू राम शर्मा काम निपटाकर अपनी स्कूटी से भूना आ रहे थे। गांव बैजलपुर के पास भाखड़ा नहर के पास तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मार दी। जिसके कारण बैंक के स्पेशल असिस्टेंट राजेश शर्मा का सिर सड़क पर जोर से लगा और गंभीर चोटें आईं। क्योंकि उन्होंने हेलमेट नहीं पहना हुआ था। घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने कहा कि अगर बैंक के स्पेशल असिस्टेंट ने हेलमेट डाला होता तो सिर में लगी हुई गंभीर चोट से बच सकते थे। पुलिस ने घटना की सूचना मिलती ही मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
दो बच्चों का पिता था राजेश शर्मा
पुराने डाकखाने वाली गली निवासी स्पेशल असिस्टेंट राजेश शर्मा अपने पीछे पत्नी सुनीता शर्मा और दो बच्चे छोड़ गए हैं। इनमें बड़ी लड़की करीब 25 वर्षीय बबीता शर्मा व छोटा लड़का करीब 23 वर्षीय आदित्य शर्मा शामिल है, दोनों ही अविवाहित हैं। एक्सीडेंट की सूचना मिलने के बाद स्पेशल असिस्टेंट के बच्चों और पत्नी का रो- रोकर बुरा हाल है। इस संबंध में एसपी सृष्टि गुप्ता ने बताया कि एक्सीडेंट की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई है और मामले की जांच कर रही है।