आरोपी की फूलों से सजी हुई कार जिसे ग्रामीणों ने तोड़ दिया
फूलों से सजी गाड़ी लेकर आए थे आरोपी
फोटो नंबर 24
संवाद न्यूज एजेंसी
भूना (फतेहाबाद)। दिनदहाड़े गांव गोरखपुर में बीटेक फाइनल वर्ष की छात्रा का नकली बंदूक के बल पर अपहरण करने की कोशिश की गई। इस मामले में आरोपी युवक की ग्रामीणों ने जमकर धुनाई कर दी, जबकि एक मौके से भाग गया। घायल आरोपी को गंभीर हालत में सीएचसी केंद्र भूना से अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। अपहरणकर्ता युवक अपनी कार को फूलों से सजाकर लेकर आए थे। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष शादी राम मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस शिकायत में बीटेक छात्रा के परिजनों ने बताया कि रविवार को भूना निवासी योगेश कुमार कार से अपने एक अन्य साथी के साथ उनके घर पहुंचा और उसकी 21 वर्षीय बेटी का नकली बंदूक के सहारे अपहरण करने लगा। जब उसकी बेटी ने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और हथियारबंद एक युवक का मौके पर दबोच लिया, जबकि दूसरा उसका साथी चकमा देकर भाग गया। छात्रा के पिता का आरोप है कि ग्रामीण पर नकली बंदूक तानकर गोली चलाने की धमकी देने लगा तो उन्होंने उसकी पिटाई कर दी और पुलिस को सूचना देकर मौके को बुलाया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उपचार के लिए सीएचसी केंद्र में दाखिल करवाया। लेकिन हालत गंभीर होने के चलते उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
कोट
गोरखपुर गांव में एक छात्रा का नकली बंदूक दिखाकर अपहरण करने का प्रयास किया गया था, जिसमें आरोपी को ग्रामीणों ने पीटा है। उसकी हालत गंभीर होने के कारण उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी की पहचान 25 वर्षीय योगेश कुमार भूना निवासी के रूप में हुई है। पुलिस ने कार व नकली बंदूक बरामद कर ली है।
-शादीराम, एसएचओ
आरोपी की फूलों से सजी हुई कार जिसे ग्रामीणों ने तोड़ दिया