दुर्घटना में घायल दूसरे युवक विकास ने भी तोड़ा दम
संवाद न्यूज एजेंसी
टोहाना। टोहाना में शुक्रवार शाम के दौरान हुई सड़क दुर्घटना में घायल दूसरे युवक ने भी शनिवार को हिसार के निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। यह घटना शुक्रवार शाम को हुई थी। घटना में 18 वर्षीय युवक ध्रुव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था।
बता दें कि टोहाना में शुक्रवार को गीता कॉलोनी के रहने वाले दो युवक ध्रुव व विकास उर्फ विक्की शाम के समय नहर के पास बने बाई पास से मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने घर की तरफ लौट रहे थे। सड़क पर सामने से आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली में से ट्राली के पीछे का डाला एक तरफ से खुल गया व यह डाला ध्रुव के सिर पर जा लगा, जिसके कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल विकास को टोहाना के निजी अस्पताल से हिसार रेफर किया गया था, जहां पर उसने शनिवार को दम तोड़ दिया।
ध्रुव के पिता का रोकर बुरा हाल
शुक्रवार को हुई सड़क दुर्घटना में हुई युवक ध्रुव की मौत अपने परिवार के लिए किसी बड़ी त्रासदी से कम नहीं है। ध्रुव अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। ध्रुव के पिता राजेश भाटिया टोहाना में बस-स्टैंड के पास इलेक्ट्रॉनिकस सामानों की दुकान चलाकर अपने परिवार का गुजारा करते हैं। अपने 18 साल के इकलौते बेटे की मौत से उनका परिवार सदमे में है। ध्रुव के पिता राजेश का रोकर बुरा हाल है। उसके बेटे के साथ यह घटना कैसे बीती इसका उसे गहरा मलाल है।